IMT चौक फ्लाईओवर पर हादसा, 3 लोगों की मौत

गुरुग्राम के IMT चौक फ्लाईओवर पर खड़े कंटेनर से ट्रक टकराने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने लापरवाही के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

IMT चौक फ्लाईओवर पर  हादसा, 3 लोगों की मौत

➤ गुरुग्राम IMT चौक फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, 3 लोगों की मौत
➤ सड़क पर खड़े कंटेनर से टकराया ट्रक, रिफ्लेक्टर न होने का आरोप
➤ पुलिस ने कंटेनर चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू की


गुरुग्राम के मानेसर स्थित IMT चौक फ्लाईओवर पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर लापरवाही से खड़े एक कंटेनर से एक ट्रक टकरा गया। आरोप है कि कंटेनर पर कोई रिफ्लेक्टर या इंडिकेटर नहीं लगा था, जिससे अंधेरे में वह दिखाई नहीं दिया और यह हादसा हो गया।

हाईवे से ट्रक को हटाती जेसीबी मशीन।

ट्रक ड्राइवर दुर्गा प्रसाद ने मानेसर थाने में दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाई शंकर बिंद के साथ अलग-अलग ट्रकों में भिवाड़ी से दिल्ली की ओर जा रहे थे। शंकर बिंद का ट्रक आगे था और दुर्गा प्रसाद उसके पीछे चल रहा था।

रात करीब 2 बजे, जब दोनों IMT चौक फ्लाईओवर पर पहुंचे, तो आगे चल रही एक गाड़ी ने अचानक लेन बदल ली। इससे शंकर बिंद के ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर खड़े कंटेनर से जा टकराया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि शंकर बिंद, उसका हेल्पर सुनील कुमार (बलिया, उत्तर प्रदेश) और एक परिचित रामराज प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को करीब 2:10 बजे ERV के माध्यम से मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन व एम्बुलेंस की मदद से ट्रक में फंसे शवों को बाहर निकाला। तीनों को गुरुग्राम के सेक्टर-10 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में कंटेनर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन खड़ा करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी चालक की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।