सुरजेवाला का हमला – मोदी सरकार ने बाढ़ राहत को मजाक बना दिया
कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने मोदी सरकार पर हरियाणा, पंजाब और हिमाचल की बाढ़ राहत को मजाक बनाने का आरोप लगाया। तीनों राज्यों में हजारों करोड़ का नुकसान हुआ, पर राहत बेहद कम दी गई।
-
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मोदी सरकार पर बाढ़ राहत को मजाक बनाने का आरोप लगाया
-
हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में 60,000 करोड़ से अधिक नुकसान, पर राहत राशि बेहद कम
-
सुरजेवाला बोले – भाजपा सरकार ने हरियाणा को राहत नक्शे से मिटा दिया और पीड़ितों से मुंह मोड़ा
कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में बाढ़ राहत को लेकर मोदी सरकार और भाजपा पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तीनों राज्यों में बाढ़ ने जान-माल का भयंकर नुकसान किया है, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से घोषित राहत महज एक क्रूर मजाक है।
सुरजेवाला ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि अकेले हरियाणा में ₹20,000 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। 19 लाख एकड़ फसल बर्बाद हुई, 5,728 गांव, 11 शहर और 72 कस्बे बाढ़ की चपेट में आए, हजारों मवेशी बह गए और 40 से अधिक लोगों की जान चली गई। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा का दौरा करने तक नहीं आए और राहत के नाम पर एक फूटी कौड़ी भी नहीं दी।
पंजाब की स्थिति पर भी सुरजेवाला ने केंद्र को घेरा। उन्होंने कहा कि यहां भी ₹20,000 करोड़ से अधिक नुकसान हुआ, लेकिन केंद्र ने राहत के नाम पर केवल ₹1,600 करोड़ की घोषणा की। यह पंजाबियों के आत्मसम्मान के साथ खिलवाड़ है।
हिमाचल की तबाही पर बोलते हुए सुरजेवाला ने कहा कि यहां भूस्खलन, बादल फटना और नदियों का उफान सबसे ज्यादा विनाशकारी रहा। सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर बहाली के लिए ₹15,000 करोड़ और आपदा राहत के लिए ₹10,000 करोड़ की जरूरत है, लेकिन केंद्र सरकार ने मात्र ₹1,500 करोड़ देकर पल्ला झाड़ लिया।
सुरजेवाला ने सवाल उठाया कि हरियाणा और हिमाचल ने भाजपा को लोकसभा में 14 में से 9 सांसद दिए, फिर भी केंद्र सरकार इन राज्यों की अनदेखी क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों, दुकानदारों और उद्योगों के नुकसान की भरपाई कौन करेगा? और भाजपा कब तक जनता की पीड़ा से मुंह मोड़ती रहेगी?
Akhil Mahajan