रस्सी से बांधकर पीटा और पानी में डुबोया गया, महिला ने क्राइम ब्रांच पर टॉर्चर के लगाए गंभीर आरोप
फरीदाबाद में एक महिला ने क्राइम ब्रांच पुलिस पर रस्सी से बांधकर पीटने और पानी में डुबोकर टॉर्चर करने के आरोप लगाए। पुलिस ने आरोपों से इनकार करते हुए जांच की बात कही।
- फरीदाबाद में महिला मेड ने क्राइम ब्रांच पुलिस पर गंभीर टॉर्चर और मारपीट के आरोप लगाए
- महिला का दावा, रस्सी से उल्टा लटकाकर पीटा, सिर पानी की बालटी में डुबोया
- पुलिस ने आरोप नकारे, कहा चोरी मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था, शिकायत पर होगी जांच
हरियाणा के फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच पुलिस पर एक महिला ने अमानवीय व्यवहार और टॉर्चर के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि चोरी के शक में पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके साथ बर्बरता की और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
महिला के मुताबिक उसे रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाया गया और बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने उसका सिर पकड़कर पानी से भरी बालटी में डुबो दिया, जिससे नाक और मुंह में पानी भर गया। महिला ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान केवल एक महिला पुलिसकर्मी मौजूद थी, जबकि बाकी सभी पुरुष पुलिसकर्मी थे।
पीड़िता का आरोप है कि पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों ने गंदी-गंदी गालियां दीं और बार-बार पानी में डुबोकर रखने की धमकी दी। यह सिलसिला करीब आधे घंटे तक चला। बाद में उससे कुछ कागजों पर जबरन साइन कराए गए और फिर उसे सोसाइटी के गेट पर छोड़ दिया गया।
यह मामला ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-89 स्थित ऑनर्स होम सोसाइटी से जुड़ा है। यहां रहने वाले भाजपा नेता हिमांशु शेट्टी ने 12 जनवरी को अपने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उनके अनुसार परिवार के साथ वृंदावन जाने के बाद लौटे तो घर से सोने के गहने और नकदी गायब मिली।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक महिला दिखाई दी, जिसके बाद घर में काम करने वाली मेड सरोज को पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ले जाया गया। सरोज मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और करीब पांच महीने से यहां काम कर रही थी।
पुलिस अधिकारियों ने महिला के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। एसीपी राजवीर कुमार का कहना है कि महिला को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था और उस दौरान महिला स्टाफ भी मौजूद था। पुलिस के अनुसार, महिला की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन यदि शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कराई जाएगी।
Akhil Mahajan