WhatsApp पर आई लड़की की VIDEO CALL... करवाए अश्लील काम और फिर पुलिस बनकर आने लगे फोन, ₹5.80 लाख ठगने वाले फरीदाबाद के 3 युवक गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने सेक्सटॉर्शन मामले में फरीदाबाद के तीन युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से 5.80 लाख रुपये ठगे। जांच में मेवात से जुड़े साइबर नेटवर्क का खुलासा हुआ।
➤ अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग, पीड़ित से 5.80 लाख रुपये की ठगी
➤ दिल्ली पुलिस ने फरीदाबाद के तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
➤ जांच में मेवात से संचालित संगठित सेक्सटॉर्शन गिरोह का खुलासा
एक अनजान वीडियो कॉल... कुछ मिनटों की बातचीत... और फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का ऐसा खेल कि पीड़ित को लाखों रुपये गंवाने पड़े। दिल्ली पुलिस ने इस हाई-टेक सेक्सटॉर्शन रैकेट का पर्दाफाश करते हुए फरीदाबाद के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में आरोपियों के तार मेवात से संचालित साइबर गैंग से जुड़े मिले हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
दिल्ली पुलिस की उत्तर-पूर्व जिला साइबर थाना टीम ने सेक्सटॉर्शन के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए फरीदाबाद के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों ने एक व्यक्ति को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे करीब 5.80 लाख रुपये वसूल लिए। पुलिस के अनुसार आरोपी राजस्थान के मेवात क्षेत्र से संचालित संगठित साइबर गिरोह के लिए काम कर रहे थे।
व्हाट्सएप पर आई महिला की वीडियो कॉल बनी जाल
पुलिस के अनुसार दिल्ली के गंगा विहार निवासी 44 वर्षीय व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 6 मई को उन्हें व्हाट्सएप पर एक महिला की वीडियो कॉल आई। महिला ने सोशल मीडिया पर परिचित होने का दावा करते हुए बातचीत शुरू की और उन्हें आपत्तिजनक हरकत करने के लिए उकसाया। इसी दौरान पूरी वीडियो रिकॉर्ड कर ली गई।
पुलिस और अधिकारी बनकर दी धमकी
कुछ ही देर बाद पीड़ित के पास अलग-अलग नंबरों से कॉल आने लगे। कॉल करने वालों ने खुद को पुलिस अधिकारी, सरकारी अधिकारी और सोशल मीडिया कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। लगातार मानसिक दबाव के चलते पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों, यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड के माध्यम से कई किश्तों में कुल 5.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बैंक खातों की जांच से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इंस्पेक्टर राहुल कुमार की निगरानी में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच के आधार पर पहले राजेश (18) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद कुनाल (22) और इमरान (23) को भी दबोच लिया गया।
मोबाइल और सिम बरामद, मेवात नेटवर्क की पुष्टि
पुलिस ने इमरान के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मेवात से संचालित सेक्सटॉर्शन गैंग के लिए काम कर रहे थे। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
साइबर पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान वीडियो कॉल, ब्लैकमेलिंग या साइबर ठगी की स्थिति में घबराने की बजाय तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
Akhil Mahajan