कोल्‍ड ड्रिंक में शराब मिलाकर लैब असिस्‍टेंट के साथ पैग पी रहे थे गुरुजी, प्रिसिंपल ने पकड़ा तो मचा बवाल, हरियाणा के सरकारी स्‍कूल का मामला

फरीदाबाद के एक सरकारी स्कूल में पीटी टीचर और लैब असिस्टेंट को शराब पीते पकड़ा गया। प्रिंसिपल से बदसलूकी के बाद मामला जांच में गया है।

कोल्‍ड ड्रिंक में शराब मिलाकर लैब असिस्‍टेंट के साथ पैग पी रहे थे गुरुजी, प्रिसिंपल ने पकड़ा तो मचा बवाल, हरियाणा के सरकारी स्‍कूल का मामला

फरीदाबाद स्कूल में पीटी टीचर और लैब असिस्टेंट शराब पीते पकड़े गए
कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर पी रहे थे शराब, बैग से बोतलें बरामद
विरोध करने पर प्रिंसिपल से धक्का-मुक्की, जांच के आदेश


हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक सरकारी स्कूल से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव सोतई स्थित गवर्नमेंट हाई स्कूल में पीटी टीचर और लैब असिस्टेंट को स्कूल परिसर में शराब पीते हुए पकड़ा गया। दोनों ने शक से बचने के लिए शराब को कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर पी रखा था।

स्कूल के कार्यकारी प्रिंसिपल डॉ. अशोक बामनिया के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे वे स्कूल का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान जब वे पीछे बने स्पोर्ट्स रूम में पहुंचे, तो वहां पीटी टीचर रामजीत और लैब असिस्टेंट जितेंद्र संदिग्ध हालत में मिले। कमरे में शराब की तेज बदबू फैली हुई थी और दोनों गिलास में कोल्ड ड्रिंक के साथ शराब पी रहे थे।

प्रिंसिपल ने मौके पर ही पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया और विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों कर्मचारियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। इसी दौरान लैब असिस्टेंट ने शराब की बोतल उठाकर प्रिंसिपल के ऊपर उंडेल दी, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

शराब की बोतलों को दिखाते हुए स्कूल प्रिंसिपल डॉ. अशोक बामनिया।

इसके बाद प्रिंसिपल ने मौके पर रखे बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से दो शराब की बोतलें बरामद हुईं, जिनमें एक पूरी भरी हुई और एक आधी भरी हुई थी। इसके बाद पूरे स्टाफ को बुलाकर स्थिति दिखाई गई।

प्रिंसिपल ने बताया कि पीटी टीचर रामजीत करीब डेढ़ साल पहले HKRN के माध्यम से नियुक्त हुआ था, जबकि लैब असिस्टेंट जितेंद्र लंबे समय से स्कूल में कार्यरत है। दोनों ही कर्मचारी संविदा पर काम कर रहे हैं।

बैग से शराब की बोतल निकालकर दिखाते प्रिंसिपल।

घटना की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी और स्थानीय पुलिस चौकी में दी गई है। वहीं गांव की ग्राम सभा ने भी सख्त रुख अपनाते हुए दोनों कर्मचारियों के स्कूल में प्रवेश पर रोक लगा दी है।

इस मामले में डिप्टी DEO संदेश सोलंकी ने कहा कि शिकायत मिल चुकी है और सोमवार को कमेटी बनाकर जांच की जाएगी। वहीं पुलिस का कहना है कि शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, जहां स्कूल जैसे पवित्र स्थान पर इस तरह की गतिविधियां सामने आई हैं।