डेढ़ साल की बच्ची को जिंदा नाले में फेंकने का आरोप मां पर
फरीदाबाद में डेढ़ साल की बच्ची को नाले में फेंकने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। CCTV फुटेज के आधार पर मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध कबूल किया।
डेढ़ साल की बच्ची को जिंदा नाले में फेंकने का आरोप मां पर
■ CCTV फुटेज में बच्ची को ले जाते और अकेले लौटते दिखी महिला
■ आर्थिक तंगी और पारिवारिक हालात बताए जा रहे कारण
हरियाणा के फरीदाबाद में एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक डेढ़ साल की बच्ची का शव नाले में मिलने के बाद जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची को किसी और ने नहीं बल्कि उसकी अपनी मां ने ही जिंदा नाले में फेंका, जिससे पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज ने खोला पूरा राज
मामले में बड़ा सुराग उस वक्त मिला जब इलाके के CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में महिला बच्ची को गोद में लेकर जाती हुई दिखाई दी, लेकिन कुछ देर बाद जब वह लौटती है तो बच्ची उसके साथ नहीं होती।
इसी आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
तीन दिन पहले नाले में मिला था शव
यह मामला पल्ला थाना क्षेत्र का है, जहां धीरज नगर और टीटू कॉलोनी के बीच बहने वाले नाले में बच्ची का शव मिला था।
दो स्कूली बच्चों ने सबसे पहले नाले के किनारे लोहे के जाल में फंसी बच्ची को देखा और आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला।
जिंदा फेंकी गई थी बच्ची
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बच्ची को जब नाले में फेंका गया तब वह जिंदा थी। पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बच्ची परिवार में छठे नंबर की बेटी थी और उससे पहले उसकी पांच बड़ी बहनें हैं।
आर्थिक तंगी और मजबूरी का पहलू
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। बच्ची के पिता अपाहिज हैं और मजदूरी करते हैं। परिवार मूल रूप से बिहार के मधुबनी का रहने वाला है और फरीदाबाद में झुग्गी में रह रहा था।
इन्हीं परिस्थितियों के चलते महिला ने यह कठोर और अमानवीय कदम उठाया।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले में आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
pooja