हरियाणा में हादसा, दंपती और बेटे की मौत
फरीदाबाद के आईएमटी क्षेत्र में तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से दंपती और उनके बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ फरीदाबाद में दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
➤ ऑटो स्टैंड जाते समय तेज रफ्तार कंटेनर ने मारी टक्कर
➤ मध्य प्रदेश के मजदूर परिवार पर टूटा कहर, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के फरीदाबाद जिले में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा बल्लभगढ़ के आईएमटी क्षेत्र में उस समय हुआ, जब परिवार के सदस्य पैदल ऑटो स्टैंड की ओर जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान काशीराम (44), उनकी पत्नी अंगूरी (39) और उनके 16 वर्षीय बेटे विशाल के रूप में हुई है। यह परिवार मूल रूप से टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) का रहने वाला था और फरीदाबाद में किराए पर रहकर ईंट-भट्ठों पर मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहा था।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे यह परिवार अपने गांव जाने के लिए निकला था। उन्हें बल्लभगढ़ बस स्टैंड से बस पकड़नी थी। इसी दौरान जब वे आईएमटी चौक के पास ऑटो स्टैंड की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक कंटेनर ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में काशीराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अंगूरी और बेटे विशाल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, काशीराम का साला घनश्याम भी उनके साथ था, लेकिन वह थोड़ा पीछे चल रहा था, जिससे वह इस हादसे की चपेट में आने से बच गया। उसने आरोप लगाया कि कंटेनर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरे को उजागर करता है, जहां एक पूरा परिवार पलभर में उजड़ गया।
Akhil Mahajan