भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी धुरंधर

रणवीर सिंह की धुरंधर ने 32वें दिन भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का रिकॉर्ड बनाया। फिल्म का नेट कलेक्शन 831 करोड़ रुपये पार कर गया है।

भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी धुरंधर


धुरंधर 32वें दिन भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी
• भारत में अब तक 831.40 करोड़, वर्ल्डवाइड 1253.83 करोड़ का कलेक्शन
• अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 को पीछे छोड़ रचा इतिहास



हिंदी सिनेमा के इतिहास में धुरंधर ने एक नया अध्याय जोड़ दिया है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के 32वें दिन भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। फिल्म अब तक इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 831.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी है।

सोमवार को फिल्म ने 5.40 करोड़ रुपये और मंगलवार यानी 33वें दिन 5.70 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर का कुल कलेक्शन 1253.83 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

इस उपलब्धि के साथ धुरंधर ने अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 को पीछे छोड़ दिया है। पुष्पा 2 ने हिंदी भाषा में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 821 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि धुरंधर इस आंकड़े से आगे निकल गई है।

भारत में धुरंधर का बॉक्स ऑफिस सफर लगातार मजबूत रहा है। पहले हफ्ते में फिल्म ने 218 करोड़, दूसरे हफ्ते 261.50 करोड़, तीसरे हफ्ते 189.30 करोड़, चौथे हफ्ते 115.70 करोड़ और पांचवें हफ्ते 35.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

फिल्म की इस ऐतिहासिक सफलता पर जियो स्टूडियोज ने सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर लिखा कि भारत ने धुरंधर को नंबर वन फिल्म का ताज पहनाया है और यह अब तक की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन चुकी है।

ट्रेड एनालिस्ट अतुल मोहन के मुताबिक, धुरंधर की सफलता की सबसे बड़ी वजह दर्शकों की जबरदस्त पसंद है। उन्होंने कहा कि जब कोई फिल्म लोगों को इतनी पसंद आती है, तो आसपास रिलीज होने वाली कई फिल्में अपने आप बैकफुट पर चली जाती हैं। लोग एक ही फिल्म को बार-बार देखना पसंद करते हैं और दूसरी फिल्मों से दूरी बना लेते हैं।

अतुल मोहन ने यह भी कहा कि थिएटर मालिक ऐसी हिट फिल्मों को प्राथमिकता देते हैं और शो कम नहीं करते, जिससे फिल्म का असर लंबे समय तक बना रहता है।

फिल्म की कामयाबी पर यश राज फिल्म्स ने भी निर्देशक आदित्य धर और उनकी टीम को बधाई दी है। यशराज ने इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास का मील का पत्थर बताया और फिल्म को एक भाषा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने का गौरव हासिल करने वाली करार दिया।

पिछले हफ्ते धुरंधर ने नॉर्थ अमेरिका में भी रिकॉर्ड बनाया। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने वहां 17.50 मिलियन डॉलर की कमाई कर शाहरुख खान की पठान को पीछे छोड़ दिया, जिसने 17.49 मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया था।

धुरंधर एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है, जिसमें रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और आर. माधवन अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का सीक्वल 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाला है।