CRSU में बवाल: छात्राओं का आरोप, प्रोफेसर करते थे यौन उत्पीड़न

जींद CRSU यूनिवर्सिटी के इंग्लिश विभाग के तीन प्रोफेसरों पर छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप। वॉट्सऐप चैट से खुलासा, ABVP का पुतला दहन, कुलगुरु ने जांच के आदेश।

CRSU में बवाल: छात्राओं का आरोप, प्रोफेसर करते थे यौन उत्पीड़न


• जींद की CRSU यूनिवर्सिटी के इंग्लिश विभाग के तीन प्रोफेसर यौन उत्पीड़न के आरोप में निलंबित
• छात्रा ने वॉट्सऐप चैट के जरिए खुलासा, अश्लील मैसेज और दबाव बनाने के आरोप
ABVP ने विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन किया, कुलगुरु ने कहा- दोषियों को पूरे देश में नौकरी नहीं मिलेगी


जींद स्थित चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी (CRSU) के इंग्लिश विभाग में बड़ा विवाद सामने आया है। विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने वॉट्सऐप चैट के आधार पर आरोप लगाया है कि विभाग के कुछ प्रोफेसर छात्राओं का यौन उत्पीड़न करते हैं। छात्रा का कहना है कि प्रोफेसर वॉट्सऐप पर लगातार दबाव बनाकर अश्लील बातें करते थे।

चैट में छात्रा की सुंदरता, पहनावे और निजी जीवन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। शिकायत मिलने के बाद मामला तेजी से वायरल हुआ और छात्र संगठनों में आक्रोश फैल गया।

ABVP के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रोहन सैनी ने जानकारी देते हुए कहा कि इंग्लिश विभाग में पढ़ने वाली छात्राओं ने बताया कि कई छात्राएं लंबे समय से इस उत्पीड़न का सामना कर रही थीं, पर डर के कारण शिकायत नहीं दर्ज करा पा रही थीं।

27 नवंबर को 50 से अधिक छात्राएं कुलगुरु रामपाल सैनी से मिलीं। शिकायत के बाद कुलगुरु ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपी प्रोफेसरों को निलंबित कर दिया और जांच के आदेश दिए।

ABVP ने यूनिवर्सिटी गेट पर प्रदर्शन कर पुतला दहन किया और सख्त कार्रवाई की मांग की।
कुलगुरु ने कहा कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो ऐसे व्यक्तियों को न केवल CRSU में, बल्कि पूरे देश में कहीं भी प्रोफेसर की नौकरी नहीं मिलेगी। उन्होंने इस घटना को शिक्षक समाज के लिए शर्मनाक बताया और पीड़िताओं को सुरक्षा व न्याय का भरोसा दिया।