Video: दिनदहाड़े चंडीगढ़ में केमिस्ट शॉप के कैशियर की गोली मारकर हत्या
Chandigarh Crime News, Chemist Shop Murder, Sector 11 Chandigarh, Cashier Murder, CCTV Video, Gangster Angle, Breaking News, CityTehlka
- दिनदहाड़े केमिस्ट शॉप में घुसकर कैशियर की गोली मारकर हत्या
- वारदात CCTV में कैद, 3 बदमाशों के शामिल होने की आशंका
- 13 राउंड फायरिंग से दहला चंडीगढ़, गैंगस्टर एंगल से जांच
देश के सबसे सुरक्षित शहरों में गिने जाने वाले चंडीगढ़ में शनिवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पीजीआई के पास सेक्टर-11 स्थित श्रीकुमार केमिस्ट शॉप में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने कैशियर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय जानकी दास निवासी धनास के रूप में हुई है। वह केमिस्ट शॉप में कैशियर के तौर पर कार्यरत थे। हत्या की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दुकान में सामान्य रूप से ग्राहकों की आवाजाही चल रही थी। इसी दौरान सिर पर कैप और चेहरे पर मास्क लगाए दो युवक दुकान के अंदर दाखिल हुए। दोनों कुछ समय तक काउंटर के पास खड़े रहे और फिर अचानक अपने पास मौजूद ऑटोमेटिक पिस्टल निकाल ली।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों आरोपियों ने सीधे कैशियर जानकी दास को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलने से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से बाहर निकले और वहां पहले से मौजूद अपने तीसरे साथी के साथ बाइक पर फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में करीब 13 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि मृतक को कितनी गोलियां लगीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
चंडीगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में शहरभर में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस रंगदारी, गैंगस्टर कनेक्शन और पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि दुकान मालिक को पहले किसी प्रकार की धमकी मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। इस वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Akhil Mahajan