राज्यसभा चुनाव के लिए BJP ने घोषित किए उम्मीदवार: हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राजस्थान से बनाया प्रत्याशी

भाजपा ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है। हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है।

राज्यसभा चुनाव के लिए BJP ने घोषित किए उम्मीदवार: हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राजस्थान से बनाया प्रत्याशी

  • भाजपा ने राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की
  • हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया
  • केंद्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न राज्यों और ओडिशा उपचुनाव के नामों को दी मंजूरी

भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव 2026 और ओडिशा में होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूची में विभिन्न राज्यों के उम्मीदवारों को मंजूरी दी गई है।

इस सूची में सबसे चर्चित नाम हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया का है। भाजपा ने उन्हें राजस्थान से राज्यसभा चुनाव का उम्मीदवार बनाया है। डॉ. पूनिया वर्तमान में हरियाणा भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

भाजपा के केंद्रीय कार्यालय नई दिल्ली से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार राजस्थान से दो उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। इनमें डॉ. अलका गुर्जर और डॉ. सतीश पूनिया शामिल हैं। पार्टी नेतृत्व ने दोनों नामों पर अपनी अंतिम स्वीकृति प्रदान की है।

राज्यसभा चुनाव के लिए जारी सूची में अरुणाचल प्रदेश से ताई टागक, गुजरात से राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया, मध्य प्रदेश से तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल, मणिपुर से ए. शारदा देवी तथा राजस्थान से डॉ. अलका गुर्जर और डॉ. सतीश पूनिया को उम्मीदवार बनाया गया है।

इसके अलावा ओडिशा राज्यसभा उपचुनाव 2026 के लिए भाजपा ने देबाशीष सामंतराय को उम्मीदवार घोषित किया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डॉ. सतीश पूनिया को राज्यसभा भेजने का फैसला भाजपा नेतृत्व का महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके पूनिया लंबे समय से संगठन और पार्टी की रणनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

हरियाणा भाजपा की राजनीति में भी डॉ. पूनिया का प्रभाव लगातार बढ़ा है। ऐसे में राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।