BJP विधायक जगमोहन आनंद ने रोड़ समाज से मांगी माफी

करनाल में BJP विधायक जगमोहन आनंद ने हर्ष एनकाउंटर मामले में रोड़ समाज से माफी मांगी। उन्होंने 36 बिरादरी का भाईचारा बनाए रखना अपनी जिम्मेदारी बताया।

BJP विधायक जगमोहन आनंद ने रोड़ समाज से मांगी माफी

BJP विधायक जगमोहन आनंद ने रोड़ समाज से मांगी माफी, बोले- भाईचारा बनाए रखना जिम्मेदारी
‘शाम तक रिजल्ट आएगा’ बयान के बाद उसी शाम हर्ष और बीरबल पुलिस एनकाउंटर में मारे गए थे
रोड़ महासभा ने एक सितंबर तक का समय दिया, बलकार सिंह बोले- मीडिया को टारगेट न करें


करनाल में बीरू वाल्मीकि मर्डर केस से जुड़े हर्ष एनकाउंटर मामले में भाजपा विधायक जगमोहन आनंद ने रविवार को रोड़ समाज से माफी मांग ली। इसे लेकर PWD रेस्ट हाउस में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, विधायक जगमोहन आनंद और अन्य नेताओं की रोड़ समाज के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक के दौरान विधायक ने कहा कि अगर उनकी भाषा, किसी बात या व्यवहार से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।

जगमोहन आनंद ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते 36 बिरादरी का भाईचारा बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज के साथ किसी भी तरह की गलतफहमी या भावनाओं को ठेस पहुंचने की स्थिति में सामने आकर अपनी बात रखना जरूरी है।

बीरू की हत्या के अगले दिन हुआ था हर्ष और बीरबल का एनकाउंटर

बीरू वाल्मीकि की 5 अगस्त को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अगले दिन यानी 6 अगस्त को प्रदर्शन कर रहे बीरू के परिजनों के सामने विधायक जगमोहन आनंद ने ‘शाम तक रिजल्ट’ देने की बात कही थी। उसी शाम रोड़ समाज के युवक हर्ष और बीरबल को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था।

एनकाउंटर के बाद से ही हर्ष के परिजन इस पर सवाल उठा रहे हैं। इसी मामले को लेकर रोड़ समाज की ओर से भी अपनी बात रखी गई थी। रविवार को हुई बैठक में विधायक जगमोहन आनंद ने समाज के सामने अपना पक्ष रखते हुए माफी मांगी।

आनंद बोले- इसी समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राजनीति शुरू की

विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि उनके खिलाफ कुछ आरोप लगाए जा रहे थे। वह चाहते तो इन आरोपों के जवाब में वीडियो या प्रेसनोट जारी कर सकते थे, लेकिन लोग उसका अपने-अपने हिसाब से अलग मतलब निकाल सकते थे। उन्होंने कहा कि हर काम का एक वक्त और समय होता है।

आनंद ने कहा कि आज उन्हें समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठने और रोड़ महासभा में आने का अवसर मिला। उन्होंने इसी समाज के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राजनीति शुरू की और आज यहां तक पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि अगर किसी कारण किसी समाज की भावनाएं आहत होती हैं तो सामने आकर अपनी बात रखना भी जरूरी है। माफी मांगने और खेद जताने में कोई छोटा नहीं होता।

जगमोहन आनंद ने बताया कि रोड़ समाज ने सरकार के सामने तीन मांगें रखी थीं। इनमें से दो मांगों पर सरकार काम कर रही है, जबकि तीसरी मांग उनसे जुड़ी थी। इसी मामले में उन्होंने समाज के बीच खेद प्रकट करते हुए माफी मांगी है।

रोड़ महासभा प्रधान बोले- मीडिया को टारगेट न करें

रोड़ महासभा के प्रधान बलकार सिंह ने कहा कि विधायक जगमोहन आनंद ने समाज को जोड़ने के लिए बड़प्पन दिखाया है। इसकी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि मीडिया के किसी भी साथी को टारगेट न किया जाए।

बलकार सिंह ने कहा कि मीडिया अपना काम अच्छे से कर रहा है। किसी व्यक्ति को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए और न ही किसी तरह की गलत बात कही जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति नहीं बननी चाहिए, जिससे समाज को नुकसान पहुंचे या उसकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो।

मामले में एक सितंबर तक का समय दिया गया है। इसके बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

5 अगस्त की रात हुई थी बीरू की हत्या

जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त की रात करीब 9 बजे बीरू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बीरू अपने बहन के घर जा रहा था। हांसी रोड पर पहुंचते ही हर्ष और बीरबल ने उसका पीछा कर उसके सिर में गोली मारी थी।

बीरू के हत्यारों के एनकाउंटर की मांग करते हुए उसके परिजनों ने हंगामा किया था। अगले दिन बीरू की पत्नी ने रोड पर बैठकर परिजनों के साथ जाम लगा दिया था।

इसी रात यानी 6 अगस्त को पुलिस ने हर्ष और बीरबल का एनकाउंटर कर दिया था। हालांकि, एनकाउंटर के बाद से ही हर्ष के परिजन इस पर सवाल उठा रहे हैं। इसी पूरे घटनाक्रम को लेकर रोड़ समाज और विधायक के बीच रविवार को बातचीत हुई, जिसमें विधायक जगमोहन आनंद ने समाज से माफी मांगते हुए भाईचारा बनाए रखने की बात कही।