कल शाम बिहार के नए CM का ऐलान, NDA की बैठक में करेंगे शिवराज नाम फाइनल ; PM की मौजूदगी में 15 अप्रैल को शपथ समारोह
बिहार में नई सरकार गठन की तैयारी तेज, नीतीश कुमार इस्तीफा दे सकते हैं, NDA बैठक में नए CM का ऐलान, 15 अप्रैल को शपथ समारोह संभव।
➤ बिहार में सत्ता परिवर्तन तय, शपथ समारोह की तैयारी तेज
➤ नीतीश कल दे सकते हैं इस्तीफा, नए सीएम पर NDA की मुहर
➤ 15 अप्रैल को शपथ, PM मोदी की मौजूदगी संभव
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो चुकी हैं। राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा ने सोमवार को पटना के DM, SP, SSP समेत वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई और पूरे आयोजन को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग दी।
लोकभवन में हुई इस अहम बैठक में सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। इससे पहले गोपाल मीणा ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पहुंचकर उनसे करीब 30 मिनट तक मुलाकात की, जिससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
सम्राट चौधरी के आवास 5 देश रत्न मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था अचानक बढ़ा दी गई है। यहां 100 मीटर के दायरे में बिना अनुमति के किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को दोपहर 3 बजे राज्यपाल को इस्तीफा सौंप सकते हैं। इससे पहले दिन में 2 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक अटल सभागार में होगी, जबकि 3 बजे जदयू विधायक दल की बैठक बुलाई गई है।
इन बैठकों के बाद NDA विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। बताया जा रहा है कि शाम 4 बजे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान नए सीएम के नाम का ऐलान करेंगे।
इसके बाद 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, वे 14 अप्रैल की शाम पटना पहुंच सकते हैं।
इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास का निरीक्षण भी किया है, जहां वे इस्तीफा देने के बाद शिफ्ट हो सकते हैं। वहीं जदयू और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की बैठकों का दौर भी लगातार जारी है।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी सम्राट चौधरी से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि वे संभावित मंत्रियों की सूची को लेकर चर्चा करने पहुंचे थे।
राजधानी पटना के शीतला मंदिर और खगड़िया के काली मंदिर में सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए विशेष पूजा और महायज्ञ भी आयोजित किए गए हैं, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
14 अप्रैल को सुबह 11 बजे नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी। इसके बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे और मौजूदा सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
कुल मिलाकर बिहार में सत्ता परिवर्तन अब लगभग तय माना जा रहा है। अगले दो दिनों में न सिर्फ नए मुख्यमंत्री का नाम सामने आएगा, बल्कि नई सरकार का पूरा ढांचा भी साफ हो जाएगा।
Akhil Mahajan