शादी में गया था, लाश बनकर लौटा! हरियाणा के इस शहर में दिल दहला देने वाली घटना
भिवानी के गांव बलियाली में शादी समारोह के दौरान विवाद में 41 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
- शादी समारोह में विवाद के बाद व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या
- उत्तराखंड से आया था मृतक, भिवानी के गांव बलियाली में वारदात
- पुलिस मौके पर पहुंची, शव कब्जे में लेकर जांच शुरू
हरियाणा के भिवानी जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना गांव बलियाली की बताई जा रही है, जहां मृतक एक शादी समारोह में शामिल होने आया हुआ था।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक उत्तराखंड का रहने वाला था और रिश्तेदारी में आयोजित विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भिवानी पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान करीब 41 वर्षीय राकेश के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी कहासुनी और विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है। हालांकि, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
Akhil Mahajan