पुलिस को देख घबराया युवक, बैग में मिले ₹80 लाख, पूछा तो बोला दिल्‍ली से लाया

बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने दिल्ली एक्सप्रेस में एक युवक के बैग से 80 लाख रुपए कैश बरामद किया। युवक रोहतक का रहने वाला है और रकम का स्रोत बताने में असमर्थ रहा। मामला अब आयकर विभाग को सौंपा गया।

पुलिस को देख घबराया युवक, बैग में मिले ₹80 लाख, पूछा तो बोला दिल्‍ली से लाया

बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन चेकिंग में युवक पकड़ा गया
युवक के बैग से बरामद हुए 80 लाख रुपए कैश
इनकम टैक्स विभाग को सौंपी गई जांच, युवक रोहतक का रहने वाला


हरियाणा के बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर  दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन की नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक के बैग से 80 लाख रुपए कैश बरामद किया। युवक की हरकतों पर शक होने पर जीआरपी (Government Railway Police) ने उससे पूछताछ की और जब बैग खोला गया तो उसमें नोटों के बंडल देखकर पुलिस कर्मी भी दंग रह गए।

जानकारी के अनुसार, जीआरपी टीम ट्रेन की बोगियों में चेकिंग कर रही थी। जैसे ही पुलिस डिब्बे में पहुंची, वहां मौजूद युवक अचानक घबरा गया और सकपका गया। उसकी हरकतों को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने उसका बैग जांचने का फैसला किया। बैग खोलते ही उसमें लाखों रुपए के बंडल नजर आए।

युवक से पूछताछ में उसने बताया कि वह रोहतक का रहने वाला है और यह पैसा वह दिल्ली से लेकर आ रहा था। हालांकि, जब पुलिस ने उससे रकम का स्रोत और उद्देश्य पूछा तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और इधर-उधर की बातें करने लगा।

जीआरपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इसके बाद मामले की जानकारी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को दे दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी नकदी के मामले की जांच अब आयकर विभाग करेगा और यह पता लगाया जाएगा कि आखिर यह पैसा कहां से आया और किस मकसद से लाया जा रहा था।

घटना के बाद रेलवे स्टेशन और स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोग इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं। पुलिस फिलहाल युवक से लगातार पूछताछ कर रही है और आयकर विभाग के आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।