हरियाणा की दो फैक्ट्रियों में भीषण आग, दो मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
बहादुरगढ़ के HSIIDC सेक्टर-17 में जूता और गद्दा बनाने वाली दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि कई जिलों से दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
बहादुरगढ़ की दो फैक्ट्रियों में भीषण आग, दो मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
जूते और गद्दे बनाने वाली यूनिटों में आग से मची अफरा-तफरी
दिल्ली, रोहतक और झज्जर से बुलानी पड़ी फायर ब्रिगेड की अतिरिक्त गाड़ियां
हरियाणा के बहादुरगढ़ में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब HSIIDC सेक्टर-17 स्थित दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दोनों यूनिटें इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए PGI रोहतक रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले सुबह करीब 7 बजे सेक्टर-17 स्थित प्लॉट नंबर 261 में संचालित जूता फैक्ट्री में लगी। शुरुआती आग फैक्ट्री में रखे कच्चे माल और पैकिंग सामग्री में भड़की। देखते ही देखते लपटों ने पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया।
फैक्ट्री के अंदर मौजूद ज्वलनशील सामग्री और तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ऊंची लपटें और घना धुआं देखकर मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। कई कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग जल्द ही पड़ोसी प्लॉट नंबर 262 स्थित शांति इंटरप्राइजेज तक पहुंच गई। यहां गद्दों का निर्माण किया जाता है और उत्पादन प्रक्रिया में कैमिकल का इस्तेमाल होता है। कैमिकल ने आग को और भड़काने का काम किया, जिससे पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
हादसे में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी मोनू (30) और कानपुर निवासी दीपक (25) गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों फैक्ट्री में काम कर रहे थे और आग की चपेट में आ गए। उन्हें पहले बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए PGI रोहतक रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ फायर स्टेशन की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए झज्जर, रोहतक और दिल्ली से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया।
आग लगने के बाद फैक्ट्रियों के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती रही। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।
pooja