राघव चढ्ढा 6 राज्यसभा सांसदों के साथ AAP की गठड़ी फोड़कर आए है
हरियाणा मंत्री अनिल विज ने राघव चड्ढा और 7 राज्यसभा सांसदों को लेकर बड़ा बयान दिया। AAP पर निशाना साधते हुए बंगाल वोटिंग को निर्भय बताया।
➤ अनिल विज का बड़ा बयान, राघव चड्ढा सहित 7 सांसदों पर निशाना
➤ AAP पर आरोप, बोले- गठरी फोड़कर आए नेता
➤ बंगाल वोटिंग को बताया ऐतिहासिक, कहा निर्भय होकर मतदान
हरियाणा के वरिष्ठ मंत्री अनिल विज ने बुधवार को राघव चड्ढा सहित सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये नेता आम आदमी पार्टी की गठरी फोड़कर आए हैं।
मंत्री विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी जिस मुद्दे पर बनी थी, आज उससे पूरी तरह भटक चुकी है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी अन्ना हजारे आंदोलन से निकली थी और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का दावा करती थी, लेकिन अब उसके अपने सांसद ही उसके मूल उद्देश्यों से अलग होने की बात कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सातों सांसदों का एक साथ पार्टी छोड़ना इस बात का संकेत है कि पार्टी के भीतर गंभीर असंतोष है। विज के अनुसार, जो बातें विपक्ष पहले कहता रहा, अब वही बातें खुद पार्टी के नेता स्वीकार कर रहे हैं।
राज्यसभा सदस्यता को लेकर उठ रहे सवालों पर मंत्री विज ने कहा कि यह फैसला राज्यसभा के चेयरमैन के अधिकार क्षेत्र में आता है। उन्होंने संकेत दिया कि इस संबंध में नियमों के अनुसार ही आगे की प्रक्रिया तय होगी।
पश्चिम बंगाल में हो रही वोटिंग को लेकर भी मंत्री विज ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इस बार लोग निर्भय होकर मतदान कर रहे हैं, जो पहले देखने को नहीं मिलता था। उनके अनुसार, राज्य में लंबे समय से चला आ रहा आपराधिक माहौल अब बदल रहा है और लोग खुलकर लोकतंत्र में भागीदारी कर रहे हैं।
विज ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की लहर चल रही है और पिछले चुनावों में भी भाजपा ने लगातार जीत हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में भी पार्टी को सफलता मिलेगी।
Akhil Mahajan