“पति की सांस थमी, पत्नी ने भी उसी पल जीवन छोड़ दिया”

अंबाला के शहजादपुर में 10 मिनट के अंतराल में पति-पत्नी की मौत हो गई। पति की मौत के बाद पत्नी भी सदमे में चल बसी। रविवार को दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ होगा।

“पति की सांस थमी, पत्नी ने भी उसी पल जीवन छोड़ दिया”
  • 10 मिनट के अंतराल में पति-पत्नी की मौत, शहजादपुर में मार्मिक घटना
  • पति की लाश से लिपटकर रोती रही पत्नी, कुछ ही देर में तोड़ा दम
  • रविवार को एक साथ होगी दोनों की अंतिम विदाई


हरियाणा के अंबाला जिले के शहजादपुर में शनिवार को दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। यहां महज 10 मिनट के अंतराल में पति और पत्नी दोनों की मौत हो गई। पहले पति ने अंतिम सांस ली और उसके बाद पति के शव से लिपटकर रो रही पत्नी के भी प्राण निकल गए।

75 वर्षीय वीरेंद्र नाथ जैन की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। शुक्रवार को उन्हें अस्पताल दिखाकर घर लाया गया था। शनिवार सुबह उन्होंने पत्नी से कहा था कि अब तबीयत पहले से बेहतर लग रही है। यह सुनकर 65 वर्षीय आशा रानी के चेहरे पर उम्मीद की झलक दिखाई दी।

दोपहर करीब 2 बजे अचानक वीरेंद्र नाथ की हालत बिगड़ गई। कुछ ही देर में उनके शरीर में कोई हलचल नहीं रही। पति को इस हालत में देखकर आशा रानी उनसे लिपटकर जोर-जोर से रोने लगीं। करीब 10 मिनट बाद वह भी निढाल होकर गिर पड़ीं। बाद में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वीरेंद्र नाथ देसी क्लिनिक चलाते थे और इलाके में लोग उन्हें सम्मान से डॉक्टर कहते थे। सर्दियों में उनकी तबीयत अकसर खराब हो जाती थी। उन्हें शुगर की शिकायत भी थी और एक दिन पहले ही उन्होंने डॉक्टर को दिखाया था।

परिवार में दोनों ही अकेले रहते थे। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में मैनेजर है। शनिवार शाम तक दोनों के शव घर में ही रखे गए। परिजनों ने बताया कि रविवार को पति-पत्नी का अंतिम संस्कार एक साथ किया जाएगा।

पड़ोसियों का कहना है कि दोनों के बीच गहरा लगाव था। एक-दूसरे के बिना रहना उन्हें मंजूर नहीं था। घर में साथ बैठकर भजन गाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया है। लोगों का अनुमान है कि पत्नी की मौत सदमे या हार्ट अटैक से हुई होगी।