पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल की विशेषाधिकार कमेटी में समालखा के एडवोकेट जितेन्द्र सिंह बल्ली बने कोप्टेड सदस्य
समालखा के अधिवक्ता जितेन्द्र सिंह बल्ली को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की बार काउंसिल की विशेषाधिकार कमेटी में कोप्टेड सदस्य मनोनीत किया गया। स्थानीय अदालत में सम्मान समारोह हुआ।
समालखा,अशोक शर्मा
समालखा के प्रख्यात अधिवक्ता जितेन्द्र सिंह बल्ली को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की बार काउंसिल की विशेषाधिकार कमेटी में कोप्टेड सदस्य मनोनीत किए जाने पर बुधवार को स्थानीय अदालत परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की विशेषाधिकार कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व वाइस चेयरमैन राजकुमार चौहान ने एडवोकेट जितेन्द्र सिंह बल्ली को नियुक्ति पत्र प्रदान किया और उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।अपने संबोधन में चौहान ने कहा कि विशेषाधिकार कमेटी वकीलों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्यरत रहती है।अब एडवोकेट जितेन्द्र सिंह बल्ली पूरे हरियाणा राज्य के अधिवक्ता समुदाय की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान में अहम भूमिका निभाएंगे।
एडवोकेट जितेन्द्र सिंह बल्ली,जो अपनी ईमानदार वकालत,प्रभावी तर्क क्षमता और अधिवक्ताओं के हितों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं,ने इस सम्मान के लिए विशेषाधिकार कमेटी और चेयरमैन राजकुमार चौहान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन पर जो विश्वास जताया गया है, वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
समारोह में उपस्थित अधिवक्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने राजकुमार चौहान एवं एडवोकेट जितेन्द्र सिंह बल्ली को बुके भेंट कर शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर अधिवक्ता समुदाय ने बल्ली की अब तक की उल्लेखनीय उपलब्धियों तथा चौहान के मार्गदर्शन की भी सराहना की।
Akhil Mahajan