अभिषेक बच्चन का बड़ा खुलासा:करियर की शुरुआत में काम मिलने को लेकर रहता था डर
अभिषेक बच्चन ने बताया कि करियर की शुरुआत में उन्हें काम मिलने और अपनी क्षमताओं को लेकर असुरक्षा रहती थी। अब वह कैमरे के सामने अधिक सहज और आत्मविश्वासी महसूस करते हैं।
- अभिषेक बच्चन ने माना, करियर की शुरुआत में काम मिलने को लेकर रहती थी चिंता
- कहा- दूसरे कलाकारों से नहीं, अपनी क्षमताओं को लेकर रहता था असुरक्षित महसूस
- 26 साल के सफर के बाद बोले- अब कैमरे के सामने ज्यादा सहज और आत्मविश्वासी हूं
बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने 26 साल पूरे होने के बाद करियर के शुरुआती दौर को याद किया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें इस बात की चिंता रहती थी कि आगे काम मिलेगा या नहीं, लेकिन अब वह कैमरे के सामने पहले से कहीं ज्यादा सहज और आत्मविश्वासी महसूस करते हैं।
ई-टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में अभिषेक ने बताया कि एक अभिनेता के तौर पर उनके अंदर सबसे बड़ा बदलाव यही आया है कि अब वह अपने काम और फैसलों को लेकर अधिक स्पष्ट हैं। उन्होंने कहा कि करियर की शुरुआत में असहजता रहती थी, लेकिन समय के साथ अनुभव ने उन्हें बेहतर बनाया है।
अभिषेक ने कहा कि जब इंसान खुद के साथ सहज हो जाता है, तब उसे यह समझ आने लगती है कि कौन-सा काम करना है और कौन-सा नहीं। उनके मुताबिक पिछले पांच से सात वर्षों में उन्होंने अपने करियर को लेकर काफी स्पष्टता हासिल की है और अब वे सोच-समझकर ही किसी प्रोजेक्ट का चयन करते हैं।
उन्होंने माना कि करियर की शुरुआत में हर कलाकार के मन में यह असुरक्षा होती है कि भविष्य में काम मिलेगा या नहीं। इसी वजह से शुरुआती दौर में कलाकार अक्सर जो भी अवसर मिलता है, उसे स्वीकार कर लेते हैं।
अभिषेक बच्चन ने यह भी साफ किया कि उन्हें कभी अपने साथी कलाकारों की सफलता से असुरक्षा महसूस नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वह कभी इस बात को लेकर परेशान नहीं रहे कि दूसरा अभिनेता क्या कर रहा है। हालांकि अपनी क्षमताओं को लेकर सवाल जरूर मन में आते थे।
उन्होंने कहा कि हर अभिनेता के मन में कभी न कभी यह सवाल आता है कि क्या वह किसी भूमिका को बेहतर तरीके से निभा पाएगा। उनके अनुसार यह असुरक्षा दूसरे कलाकारों से प्रतिस्पर्धा की नहीं, बल्कि खुद को बेहतर साबित करने की होती है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अभिषेक बच्चन इन दिनों शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में वह विलेन की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म में सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, राघव जुयाल, जयदीप अहलावत, अक्षय ओबेरॉय और रानी मुखर्जी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी यह फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
pooja