3 नवंबर को INLD हरियाणा में करेगी किसानों के साथ बड़ा प्रदर्शन, DC को सौंपेगी ज्ञापन

इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि अन्नदाता मर रहा है और सरकार उत्सव मना रही है। उन्होंने घोषणा की कि 3 नवंबर को INLD किसान संगठनों के साथ मिलकर प्रदर्शन करेगी और जिला उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपेगी।

3 नवंबर को INLD हरियाणा में करेगी किसानों के साथ बड़ा प्रदर्शन, DC को सौंपेगी ज्ञापन

अभय चौटाला ने BJP सरकार पर साधा निशाना, कहा – अन्नदाता मर रहा है और सरकार उत्सव मना रही है
3 नवंबर को INLD करेगी प्रदर्शन, किसानों की समस्याओं पर जिला उपायुक्तों को सौंपेगी ज्ञापन
फसल मुआवजा, खाद की किल्लत और जलभराव पर राज्यपाल से समय मांगा, लेकिन नहीं मिला जवाब


इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश का अन्नदाता मर रहा है और बीजेपी सरकार उत्सव मना रही है। उन्होंने कहा कि किसान खेतों में खड़े पानी और जलभराव से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन सरकार जश्न में व्यस्त है।

अभय चौटाला ने इनेलो मुख्यालय चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर उन्होंने राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा था, क्योंकि मुख्यमंत्री को बार-बार कहने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पहले उन्हें आज सुबह 11 बजे का समय दिया गया था, लेकिन बाद में यह कहकर मुलाकात टाल दी गई कि फिलहाल समय नहीं दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि “किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, मुआवजा नहीं मिला, विशेष गिरदावरी तक नहीं हुई और भावांतर योजना का पैसा भी अटका पड़ा है। खेतों में अभी तक पानी खड़ा है, लेकिन सरकार 1 से 3 नवंबर तक उत्सव मनाने की तैयारी में है।”

अभय सिंह चौटाला ने घोषणा की कि 3 नवंबर को INLD कार्यकर्ता किसानों के साथ मिलकर उन जिलों में जिला उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपेंगे जहाँ जलभराव, मंडियों में धान-बाजरे की खरीद में अव्यवस्था और खाद की कमी जैसी समस्याएँ हैं। उन्होंने कहा कि “अगर जरूरत पड़ी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।”

इनेलो नेता ने व्यंग्य करते हुए कहा कि “सरकार को तो सैटेलाइट से किसान के खेत में थोड़ी सी चिंगारी भी दिख जाती है, लेकिन लाखों एकड़ फसल बर्बाद हो जाए, वो दिखाई नहीं देता।” उन्होंने कहा कि न पंजाब में ज्यादा पराली जली और न ही हरियाणा में, लेकिन दिल्ली सरकार अपनी असफलता छिपाने के लिए हरियाणा-पंजाब पर दोष मढ़ रही है।

उन्होंने दिल्ली सरकार की कृत्रिम बारिश योजना और छठ पूजा के लिए बनाए गए नकली घाटों पर भी सवाल उठाए और कहा कि “प्रधानमंत्री को बिहार चुनाव के समय अचानक छठ पूजा की याद आ गई।”

अभय चौटाला ने कहा कि अमेरिका द्वारा हरियाणा के 54 युवाओं को हथकड़ियाँ पहनाकर डिपोर्ट किए जाने पर भी सरकार मौन है, जबकि श्रीलंका जैसे छोटे देश ने अमेरिका को करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध में हरियाणा का एक युवक मारा गया और दूसरा घायल है, लेकिन “सरकार को यह भी दिखाई नहीं देता।”

आयुष्मान योजना पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि “सरकार ने प्राइवेट अस्पतालों में इलाज बंद कराकर सरकारी अस्पतालों पर जिम्मेदारी डाल दी है, लेकिन सरकारी अस्पतालों में सुविधाएँ ही नहीं हैं।”

आईपीएस वाई. पूरण कुमार मामले पर अभय चौटाला ने कहा कि यह एक बड़ा षड्यंत्र है और इसकी जांच सीबीआई से होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस जांच की निगरानी हाईकोर्ट के सिटिंग जज के नेतृत्व में होनी चाहिए। साथ ही रोहतक मामले की जांच भी सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए।

प्रेसवार्ता के दौरान उनके साथ इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.एस. चौधरी, पूर्व डीजीपी एम.एस. मलिक, विधायक अदित्य देवीलाल और महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला मौजूद रहीं।