शराब कारोबारी पर फायरिंग से दहला खिड़वाली गांव, पुरानी रंजिश में चली गोलियां; CIA ने 3 युवक दबोचे

रोहतक के गांव खिड़वाली में शराब कारोबारी पर फायरिंग के मामले में CIA ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुरानी रंजिश में हुई इस वारदात में युवक बाल-बाल बचा।

शराब कारोबारी पर फायरिंग से दहला खिड़वाली गांव, पुरानी रंजिश में चली गोलियां; CIA ने 3 युवक दबोचे

➤ परचून की दुकान पर देर रात हुई फायरिंग
➤ घायल नवीन उर्फ भंडर बाल-बाल बचा
➤ दो पिस्तौल और दो कारतूस बरामद


हरियाणा के रोहतक जिले के गांव खिड़वाली में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब शराब कारोबारी नवीन उर्फ भंडर पर परचून की दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। गोली सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया, लेकिन गांव में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के बाद सक्रिय हुई CIA-2 टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस तीनों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल नवीन उर्फ भंडर और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते देर रात परचून की दुकान पर यह हमला किया गया। गोली नवीन के सिर को छूती हुई निकल गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि नवीन उर्फ भंडर का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, स्नैचिंग, डकैती, फायरिंग और अवैध हथियार रखने जैसे कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह करीब एक माह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।

एएसपी वाई वी आर शशि शेखर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कमांडो, गौरव और रीतिक के रूप में हुई है। इनमें से गौरव 12वीं पास है और डिप्लोमा के फाइनल ईयर में पढ़ाई कर रहा है, जबकि दीपक कमांडो पर पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपियों का किसी भी गैंग से सीधा संबंध नहीं है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर वारदात की पूरी साजिश, हथियारों के स्रोत और अन्य संभावित अपराधों को लेकर गहन पूछताछ करेगी।