हरियाणा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, मौत
कुरुक्षेत्र पिहोवा रोड पर ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। दोनों PTE की क्लास जा रहे थे। कपड़ों से पहचान हुई। ड्राइवर ट्रक समेत फरार हुआ।
-
पिहोवा-कुरुक्षेत्र रोड पर ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला
-
कपड़ों से हुई पहचान, दोनों PTE की क्लास लगाने जा रहे थे
-
दोनों परिवारों के इकलौते बेटे, आरोपी ट्रक ड्राइवर फरार
━━━━━━━━━━━━━━━━━━
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में स्टेट हाईवे-6 पर मुकीमपुरा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों पिहोवा से कुरुक्षेत्र अपनी PTE की क्लास लगाने जा रहे थे। परिजनों ने दोनों की पहचान उनके कपड़ों से की।
मृतकों की पहचान आलोक बाबू (21) निवासी मोहनपुर और पार्थ उर्फ गोलू (20) निवासी मेन बाजार पिहोवा के रूप में हुई है। दोनों कुरुक्षेत्र के एक आईलेट्स सेंटर में PTE का कोर्स कर रहे थे और अपने-अपने परिवारों के इकलौते बेटे थे। परिवार इस हादसे से सदमे में है।
आलोक शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे अपनी बाइक HR41J-0541 पर घर से निकला था। रास्ते में उसने अपने दोस्त गोलू को साथ ले लिया। दोनों सेंटर जाने के लिए पिहोवा-कुरुक्षेत्र मार्ग पर थे कि करीब 9 बजे मुकीमपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उनके ऊपर चढ़ गया।
सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। कपड़ों से दोनों की पहचान की गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
आलोक के पिता खुशवंत सिंह कराह साहिब गांव में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। कुछ दिन पहले एक विवाद में बीच-बचाव करते हुए उन्हें गंभीर चोटें लगी थीं, जिसके बाद से वे बिस्तर पर हैं। वहीं गोलू के पिता दीपक कुमार केबल का काम करते हैं। गोलू अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था और PTE कर विदेश जाने का सपना देख रहा था।
पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Author1