होटल में आधी रात फायरिंंग, युवा कांग्रेस नेता की मौत, दो गंभीर
ऊना के रायजादा होटल के बाहर दो बर्थडे पार्टियों के बीच झगड़ा फायरिंग में बदल गया। युवा कांग्रेस नेता आशू पूरी की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल होकर PGI चंडीगढ़ रेफर किए गए। पुलिस जांच जारी है।
• ऊना में आधी रात फायरिंग, युवा कांग्रेस नेता आशू पूरी की मौत
• दो लोग गंभीर रूप से घायल, PGI चंडीगढ़ रेफर
• होटल के बाहर दो बर्थडे पार्टियों के बीच बहस से मारपीट और गोलीकांड
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में रविवार देर रात हुए गोलीकांड ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया। लालसिंघी स्थित रायजादा होटल के बाहर दो पक्षों के बीच हुई बहस इतना बढ़ गई कि देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। इस घटना में युवा कांग्रेस नेता आशू पूरी की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
अ
पुलिस जांच के अनुसार होटल के अंदर दो अलग-अलग बर्थडे पार्टियां चल रही थीं। रात करीब 12 बजे दोनों पार्टियों के लोग बाहर निकले और किसी बात पर बहस छिड़ गई। यह बहस कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई और लात-घूंसे चलने लगे। स्थिति बिगड़ने पर परविंदर नाम के युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
फायरिंग में संतोषगढ़ निवासी आशू पूरी को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पुरेंद्र और परविंदर झड़प में बुरी तरह घायल हुए। गोली चलाने वाला परविंदर भी लड़ाई के दौरान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
मृतक आशू पूरी माइनिंग का काम करता था और अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए होटल पहुंचा था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
SHO ऊना गौरव भारद्वाज ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना रात 12 बजे मिली। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य इकट्ठे किए जा रहे हैं। होटल के बाहर लगाए गए CCTV फुटेज की भी बारीकी से जांच हो रही है। पुलिस ने बताया कि मारपीट में कई लोग शामिल थे और सभी की पहचान की जा रही है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वारदात पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार गैंगवार जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति सवालों के घेरे में है। उन्होंने सरकार को इस दिशा में तुरंत और सख्त कदम उठाने की सलाह दी है।
Author1