सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा, झूला टूटकर गिरा; 8 घायल, मेला खाली कराया गया

फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में सुनामी झूला गिरने से 8 लोग घायल हो गए। DC मौके पर पहुंचे और मेला ग्राउंड खाली कराया गया।

सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा, झूला टूटकर गिरा; 8 घायल, मेला खाली कराया गया

फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में सुनामी झूला गिरा
हादसे में 8 लोग घायल, एक पुलिस इंस्पेक्टर भी जख्मी
DC मौके पर पहुंचे, मेला ग्राउंड कराया गया खाली


हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेले में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मेले में लगा सुनामी झूला अचानक टूटकर गिर गया। इस हादसे में 8 लोग घायल हो गए, जिन्हें एम्बुलेंस की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही DC आयुष सिन्हा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर पूरा मेला ग्राउंड खाली करा दिया गया

शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुनामी झूले में करीब 18 लोग सवार थे। झूला ऊपर की ओर गया ही था कि अचानक तकनीकी खराबी के चलते संतुलन बिगड़ गया और झूला सीधे नीचे आ गिरा। झूले के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। मेले में मौजूद लोगों और दुकानदारों ने बिना देर किए घायलों की मदद शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शी और दुकानदार राघव ने बताया कि झूला ऊपर जाकर अचानक अटक गया, जिससे उस पर बैठे लोग घबराकर चिल्लाने लगे। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए झूले पर चढ़कर 7 से 8 लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसी दौरान वे खुद भी नीचे आ गए, लेकिन तभी अचानक झूला ऊपर से गिर पड़ा, जिसमें अंदर फंसे बाकी लोग घायल हो गए। झूले की रेलिंग राघव पर भी गिरी, जिससे उनके कंधे पर हल्की चोट आई।

हादसे के दौरान राहत-बचाव में जुटे एक पुलिस इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत स्थिति संभाली और एम्बुलेंस बुलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस टीमों ने सुरक्षा कारणों से झूले वाले क्षेत्र को सील कर दिया और पूरे मेला परिसर को खाली करा लिया गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, झूले की तकनीकी जांच कराई जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि झूले के संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि लापरवाही पाई गई, तो संबंधित ठेकेदार और आयोजकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।