सोनीपत मेंधर्म परिवर्तन! कटा बवाल, मामला थाने पहुंचा
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर महिलाओं पर धर्म परिवर्तन के आरोप लगे। हिंदू संगठन ने पुलिस थाने में शिकायत दी, जबकि महिलाएं खुद को धार्मिक किताबों का प्रचारक बता रही हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
➤ सोनीपत रेलवे स्टेशन पर धर्म परिवर्तन को लेकर हंगामा
➤ हिंदू संगठन ने महिलाओं पर लगाए धर्म परिवर्तन के आरोप
➤ पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर भेजा, जांच जारी
सोनीपत। रविवार को सोनीपत रेलवे स्टेशन के पास धर्म परिवर्तन को लेकर जमकर हंगामा हो गया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने कुछ महिलाओं पर आरोप लगाया कि वे राहगीरों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसा रही थीं। आरोप लगने के बाद संगठन के लोग महिलाओं को पकड़कर राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) थाने ले गए। यहां दोनों पक्षों के बीच खूब आरोप-प्रत्यारोप चले और पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गईं।
हिंदू संगठन के पदाधिकारी मनजीत तिहाड़ा ने दावा किया कि स्टेशन पर मौजूद महिलाओं ने एक महिला को कई बार धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया। इस मामले में प्रियंका निवासी सेक्टर 23, सोनीपत ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि 14 सितंबर को जब वह दिल्ली जा रही थीं, तो कुछ महिलाओं ने उनसे बातचीत शुरू की।
प्रियंका के अनुसार, उन्होंने जब अपनी आर्थिक परेशानी बताई तो उन महिलाओं ने उन्हें ईसाई धर्म अपनाने की सलाह दी और हनुमान जी के बारे में अपशब्द कहे। इसके साथ ही उन्हें धार्मिक पुस्तकें दिखाई गईं और चर्च आने के लिए कहा गया।
दूसरी ओर पकड़ी गई महिलाओं ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वे धर्म परिवर्तन की कोई गतिविधि नहीं कर रही थीं बल्कि केवल अपनी धार्मिक किताबों का प्रचार कर रही थीं।
इस पूरे मामले पर जीआरपी थाने के एएसआई अजय कुमार ने बताया कि थाने में दोनों पक्षों की बात सुनी गई और समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया गया। फिलहाल किसी भी पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है। प्रियंका द्वारा दी गई शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।
Akhil Mahajan