CCTV में कैद तीन चेहरे, अब पुलिस की तलाश लाखों का नुकसान, गली में दहशत; आधी रात पटाखों जैसी आवाज, बाहर निकले तो जल रहा था टेंपो
सोनीपत के विकास नगर में घर के बाहर खड़े छोटा हाथी में आग लगा दी गई। गाड़ी और उसमें रखे 8 डीप फ्रीज जलकर राख हो गए। सीसीटीवी में तीन युवक दिखाई दिए, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
■ विकास नगर में घर के बाहर खड़े छोटा हाथी में लगाई आग
■ गाड़ी समेत 8 डीप फ्रीज जलकर राख, लाखों का नुकसान
■ सीसीटीवी में तीन युवक कैद, पुलिस ने दर्ज की FIR
हरियाणा के Sonipat शहर के विकास नगर में आधी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गली में खड़े एक छोटा हाथी (टेंपो) में अज्ञात युवकों ने आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में गाड़ी और उसमें लोड किए गए 8 डीप फ्रीज जलकर राख हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार सदमे में है।
सबसे अहम बात यह है कि यह आगजनी सुनियोजित लग रही है। पीड़ित संजीव के अनुसार, 26 फरवरी को उसने कालूपुर चुंगी स्थित सेठी इलेक्ट्रॉनिक्स के गोदाम से 8 डीप फ्रीज (चार छोटे और चार बड़े) लोड किए थे, जिन्हें गोहाना स्थित रामा इलेक्ट्रॉनिक्स में डिलीवर करना था। देर रात होने के कारण उसने अपना छोटा हाथी सुपरो महिंद्रा घर के बाहर गली नंबर 4 में खड़ा कर दिया।
संजीव ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे गली से पटाखों जैसी तेज आवाज सुनाई दी। पहले तो उन्होंने इसे सामान्य शरारत समझा, लेकिन जब आवाज लगातार आने लगी तो वह तुरंत बाहर निकले। बाहर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। उनकी गाड़ी आग की लपटों में घिरी हुई थी। उन्होंने परिवार और पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि कोई प्रयास काम नहीं आया। कुछ ही देर में गाड़ी और सभी फ्रीज पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
घटना के बाद जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते-जाते दिखाई दिए। फुटेज में उनकी गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। संजीव ने दावा किया कि वह आरोपियों को पहचानता है। आरोपियों की पहचान साहिल निवासी गढ़ी ब्राह्मण, रफीक निवासी गली नंबर 2 मालवीय नगर और हसन निवासी गली नंबर 3 विकास नगर के रूप में हुई है।
पीड़ित ने 28 फरवरी को थाना शहर सोनीपत में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले में धारा 326(एफ) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधी रात को गली में हुई इस आगजनी से लोगों में भय का माहौल है।
shubham