नशे ने छीन ली हरियाणा के और दो युवकों की सांसें, चिंताजनक

दो युवकों की संदिग्ध मौत से सनसनी। ग्रामीणों ने नशे की ओवरडोज को बताया कारण। एक माह में तीसरी और चौथी मौत से गांव में रोष, परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से इंकार किया।

नशे ने छीन ली हरियाणा के और दो युवकों की सांसें, चिंताजनक


➤सिरसा जिले के ओटू गांव में दो युवकों की संदिग्ध मौत
➤ग्रामीणों ने बताया नशे की ओवरडोज से हुई मौतें
➤एक माह में तीसरी-चौथी मौत से गांव में आक्रोश



सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र के ओटू गांव में बुधवार सुबह दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने दोनों की मौत का कारण नशे की ओवरडोज बताया है। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय सुखचैन और 19 वर्षीय विक्की के रूप में हुई है। दोनों अविवाहित थे और गांव के ही रहने वाले थे। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार, यह पिछले एक महीने में तीसरी और चौथी मौत है जो नशे से जुड़ी बताई जा रही है। गांव में युवाओं के बीच नशे का बढ़ता प्रकोप लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। लोगों ने मांग की है कि नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाए और जमीनी स्तर पर नशा उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाया जाए।

मिली जानकारी के अनुसार, सुखचैन मंगलवार शाम से घर से लापता था। परिवार ने पूरी रात तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। सुबह उसका शव रानियां ट्रक यूनियन के पास मिला। वहीं, विक्की का शव गांव अभोली बस अड्डे के पास बरामद हुआ। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया

एडिशनल एसएचओ गुरमिंदर मान ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की गई है। परिजनों ने बताया कि एक युवक दिल की बीमारी से पीड़ित था और उसी कारण उसकी मौत हुई हो सकती है। उन्होंने पोस्टमॉर्टम से इनकार कर दिया, जिससे मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।

गांव में लगातार हो रही ऐसी मौतों ने लोगों में भय और गुस्सा दोनों फैला दिया है। ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ रणनीति बनाने के लिए पंचायत बुलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे जन आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।