Video: हरियाणा में PM–CM के पोस्टरों पर कालिख! ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ लिखकर वायरल किया वीडियो

सिरसा में भाजपा कार्यालय के बाहर PM–CM पोस्टरों पर कालिख पोते जाने का वीडियो वायरल हुआ। युवाओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ लिखा। प्रियंका गांधी नाम के अकाउंट से पोस्ट शेयर होने से राजनीति गरमाई।

Video: हरियाणा में PM–CM के पोस्टरों पर कालिख!  ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ लिखकर वायरल किया वीडियो

  • सिरसा में PM–CM पोस्टरों पर कालिख, वीडियो वायरल

  • युवा बोले—वोट चोर गद्दी छोड़, राजनीति में तनाव बढ़ा

  • वीडियो प्रियंका गांधी नाम के अकाउंट से भी शेयर, अकाउंट की पुष्टि नहीं


सिरसा में भाजपा कार्यालय के बाहर लगे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पोस्टरों पर कालिख पोतने का मामला सामने आया है। बीती रात कुछ युवाओं ने पोस्टरों पर लगी तस्वीरों पर कालिख पोतकर वहां ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ लिख दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष है।

भाजपा का यह कार्यालय हाल ही में नया बनाया गया था, जिसका उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया था। घटना के ठीक उसी दिन सिरसा में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन भी प्रस्तावित है, जिसमें सांसद कुमारी सैलजा भाग लेंगी।

प्रियंका गांधी की ओर से सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट।

वीडियो में दिख रहे युवाओं को लेकर आरोप है कि वे कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो प्रियंका गांधी के नाम से बने एक अकाउंट से भी साझा किया गया है, जिसमें लिखा गया—“हरियाणा में वोट चोरी से बनी नाजायज सरकार के चेहरों पर युवा कांग्रेस के शेरों ने फिर कालिख पोती…” हालांकि, इस अकाउंट की पुष्टि नहीं है कि यह असली है या फेक।

पोस्टर पर लगी पीएम नरेंद्र मोदी की फोटो पर कालिख पोतते हुए युवा।

बीजेपी नेताओं का कहना है कि घटना रात करीब साढ़े 7 बजे के बाद हुई। उस समय कार्यालय के दो स्टाफ अंदर खाना बना रहे थे। पोस्टरों पर कालिख पोते जाने की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे और अज्ञात के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। वीडियो सामने आने के बाद कुछ युवाओं की पहचान की जा रही है और आगामी कार्रवाई की बात कही गई है।

पोस्टर पर लगी फोटो में सीएम नायब सैनी के चेहरे पर कालिख पोतते हुए।

उधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने कहा कि उन्होंने भी वीडियो देखी है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं कि यह किसने किया। कांग्रेस ने कहा कि वे खुद भी इसकी जांच कर रहे हैं और उनका ध्यान आज के प्रदर्शन पर है।