4.5 करोड़ का अफीम कांड:पुलिसकर्मी ने ही उड़ाई अफीम, डीजीपी का बड़ा एक्शन ASI बर्खास्त; SHO सस्पेंड, DSP का नूंह तबादला
सिरसा में 4.5 करोड़ रुपए की अफीम की खेप में हेराफेरी के मामले में ASI को बर्खास्त, SHO को सस्पेंड और DSP का नूंह IRB तबादला किया गया।
4.5 करोड़ रुपए की अफीम की खेप में हेराफेरी पर डीजीपी की बड़ी कार्रवाई
• ASI रणबीर सिंह बर्खास्त, संबंधित SHO सस्पेंड
• मामले में DSP का तबादला नूंह IRB में किया गया
सिरसा में ट्रक से पकड़ी गई करीब 4.5 करोड़ रुपए मूल्य की अफीम की खेप में हेराफेरी के मामले में हरियाणा पुलिस मुख्यालय ने बड़ी कार्रवाई की है। डीजीपी अजय सिंघल के निर्देश पर एक एएसआई को बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि संबंधित थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही मामले से जुड़े डीएसपी का तबादला नूंह स्थित IRB में कर दिया गया है।
जांच में सामने आया कि ट्रक से बरामद करीब 90 किलो अफीम में से डिंग थाने में तैनात एएसआई रणबीर सिंह ने एक किलो 30 ग्राम अफीम अपने पास रख ली थी। बाजार मूल्य के अनुसार इसकी कीमत करीब चार लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि एएसआई ने अपने कब्जे में रखी गई अफीम का कुछ हिस्सा अपने एक परिचित को बेच दिया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब जांच अधिकारियों को अफीम के वे पैकेट खुले मिले, जिन्हें पहले सील किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच कराई गई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सिरसा एसपी ने एएसआई रणबीर सिंह को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया।
मामले में लापरवाही और निगरानी में कमी पाए जाने पर संबंधित SHO को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए संबंधित DSP का तबादला नूंह IRB में कर दिया गया है।
हरियाणा पुलिस की इस कार्रवाई को विभाग में भ्रष्टाचार और नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तौर पर देखा जा रहा है। मामले की आगे भी जांच जारी है और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
Akhil Mahajan