चरखी दादरी फायरिंग केस में बड़ा एक्शन: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी रोहित कातिया गिरफ्तार, 4 एकड़ जमीन बना खूनी संघर्ष की वजह

चरखी दादरी फायरिंग मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित कातिया को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। चार एकड़ जमीन विवाद में सात लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी।

चरखी दादरी फायरिंग केस में बड़ा एक्शन: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी रोहित कातिया गिरफ्तार, 4 एकड़ जमीन बना खूनी संघर्ष की वजह

चरखी दादरी फायरिंग के आरोपी रोहित कातिया को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया

सिटी थाने के सामने स्कॉर्पियो पर करीब 20 राउंड फायरिंग, सात लोग घायल और चार वेंटिलेटर पर

चार एकड़ जमीन के विवाद से जुड़ा मामला, पुलिस और STF की पांच टीमें लगातार कर रही हैं कार्रवाई


हरियाणा के चरखी दादरी में सिटी थाने के सामने हुई सनसनीखेज गोलीबारी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के मुख्य आरोपियों में शामिल रोहित कातिया को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ बोंद क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस और आरोपी के बीच आमना-सामना हुआ। घटना के बाद से पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की पांच टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थीं।

गाड़ी में बैठे युवकों पर 30 राउंड फायरिंग की गई। गाड़ी के शीशे चकनाचूर हो गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरा विवाद चार एकड़ जमीन को लेकर चल रहा था। इस संबंध में बाढ़ड़ा थाना में पहले से मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि इस हमले का मुख्य निशाना अमित फतेहगढ़िया था और उसी की हत्या के इरादे से स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं।

थाने के सामने बरसाईं गोलियां, सात लोग हुए घायल

पुलिस के मुताबिक घटना के समय स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे। बदमाशों ने वाहन को रोककर करीब 20 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में स्कॉर्पियो में बैठे सभी सात लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं अमित फतेहगढ़िया को बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने यह भी बताया कि इस हमले में घायल सातों लोगों में से कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। अकेले इस घटना में घायल सात लोगों पर कुल 43 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

घायल युवकों को गाड़ी से निकालती पुलिस। एक युवक के हाथ में गोली लगी।

कोर्ट से लौटते समय हुआ हमला

पुलिस जांच के अनुसार घायल लोगों में शामिल अमित फतेहगढ़िया, कीर्तिमान और विजय उर्फ सन्नी वर्ष 2025 में दर्ज एक प्रॉपर्टी विवाद के मामले में कोर्ट में पेशी पर आए थे। गुरुवार को दादरी कोर्ट से लौटते समय जब उनकी स्कॉर्पियो सिटी थाने के सामने पहुंची तो पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने हमला कर दिया।

एक हमलावर हाथ में रिवॉल्वर लेकर भागता दिखा।

बाइक पर आए तीन हमलावर, स्कॉर्पियो रोककर की फायरिंग

जांच में सामने आया है कि तीन बदमाश एक बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने स्कॉर्पियो के आगे बाइक लगाकर उसे रुकवाया और फिर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। वारदात के बाद तीनों हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक हमलावर हथियार लेकर भागता दिखाई देता है।

रोहित गोदारा गैंग ने ली थी जिम्मेदारी

घटना के बाद सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा गैंग के सदस्य नवीन बॉक्सर के नाम से एक कथित ऑडियो संदेश सामने आया था। इसमें हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा गया कि अमित फतेहगढ़िया को निशाना बनाकर यह हमला किया गया। पुलिस इस ऑडियो की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में गैंग की क्या भूमिका रही।

पुलिस की जांच जारी

डीएसपी (मुख्यालय) धीरज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात की साजिश में और कौन-कौन शामिल था, हथियार कहां से लाए गए और फरार अन्य आरोपियों की लोकेशन क्या है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।