मानसून अपडेट, जानें कैसा रहेगा मौसम: स्कूल की दीवार गिरी, 2 की मौ*त; 11 जिलों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल

हरियाणा में लगातार बारिश के बीच गुरुग्राम के वसंत वैली स्कूल की दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। 11 जिलों में भारी बारिश से जलभराव और जनजीवन प्रभावित हुआ।

मानसून अपडेट, जानें कैसा रहेगा मौसम:  स्कूल की दीवार गिरी, 2 की मौ*त; 11 जिलों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल

गुरुग्राम के वसंत वैली स्कूल में दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत

11 जिलों में तेज बारिश, फरीदाबाद की सब्जी मंडी डूबी और रेवाड़ी में जलभराव से हादसा

मौसम विभाग ने 7-8 अगस्त तक कई इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया


हरियाणा में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को हुई लगातार बारिश के बीच गुरुग्राम में बड़ा हादसा हो गया। DLF फेज-2 स्थित वसंत वैली स्कूल में मरम्मत के दौरान दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दयानंद (45) और सूरज (35) की मौत हो गई। दोनों उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर के रहने वाले थे और स्कूल परिसर में मरम्मत का काम कर रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी है। जानकारी के अनुसार दयानंद का तलाक हो चुका था और उसका एक बेटा है, जबकि सूरज अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गया है।

नूंह में दिल्ली-अलवर नेशनल हाईवे पर बारिश के बाद जलभराव हो गया।

11 जिलों में बारिश से बिगड़े हालात

गुरुग्राम के अलावा रेवाड़ी, फरीदाबाद, भिवानी, पानीपत, नारनौल, हांसी, महेंद्रगढ़, नूंह, रोहतक और सोनीपत में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई। कई शहरों में सड़कें जलमग्न हो गईं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

फरीदाबाद की सब्जी मंडी बनी तालाब

लगातार बारिश के कारण फरीदाबाद की सब्जी मंडी में पानी भर गया। मंडी परिसर में घुटनों तक पानी जमा होने से किसानों, व्यापारियों और ग्राहकों को पानी के बीच आवाजाही करनी पड़ी। जलभराव के कारण कारोबार भी प्रभावित हुआ।

गुरुग्राम में बारिश की वजह से द्वारका एक्सप्रेसवे पर जलभराव हो गया।

रेवाड़ी में जलभराव के बीच हादसा

रेवाड़ी की पुरानी सब्जी मंडी में सड़क पर बने गड्ढे में पानी भरने से एक स्कूटी चालक और उसके साथ बैठा बच्चा अचानक गड्ढे में गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को बाहर निकाला। घटना के बाद नगर परिषद की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।

रेवाड़ी की पुरानी सब्जी मंडी में जलभराव के चलते स्कूटी गड्‌ढे में फंसने से स्कूटी चालक और बच्चा गिर गया।

गुरुग्राम और नूंह में भी जलभराव

लगातार बारिश से द्वारका एक्सप्रेसवे के कई हिस्सों में पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। वहीं नूंह में दिल्ली-अलवर नेशनल हाईवे पर भी जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे ट्रैफिक प्रभावित रहा।

फरीदाबाद में बारिश के बीच गुजरते वाहन।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार इस समय मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा फिरोजपुर, रोहतक, शाहजहांपुर, कानपुर, डाल्टनगंज और डिगा तक फैली हुई है। वहीं राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां और तेज हो गई हैं। इसके चलते 7 और 8 अगस्त के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।