युवती ने रिटायर्ड जेई को चंगुल में फंसाकर बनाया न्‍यूड वीडियो, 16 लाख ऐंठे, अब पूरा गिरोह सलाखों के पीछे

सिरसा में हनीट्रैप गिरोह ने रिटायर्ड JE से अश्लील वीडियो बनाकर 16.60 लाख रुपए ठग लिए। पुलिस ने दो महिलाओं समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।

युवती ने रिटायर्ड जेई को चंगुल में फंसाकर बनाया न्‍यूड वीडियो, 16 लाख ऐंठे, अब पूरा गिरोह सलाखों के पीछे
  • सिरसा में हनीट्रैप गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार, रिटायर्ड JE से 16.60 लाख की ठगी
  • महिला ने अश्लील वीडियो बनाकर 20 लाख की मांग की, प्लॉट बेचकर दी रकम
  • पहले से जेल में बंद गैंग से पूछताछ में मामले का खुलासा


हरियाणा के सिरसा में बिजली निगम के एक रिटायर्ड जेई को हनीट्रैप में फंसाकर 16.60 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी थी।

पुलिस के अनुसार, महिला आरोपी ने पहले रिटायर्ड जेई को प्रेम जाल में फंसाया। बातचीत बढ़ने के बाद उसे घर बुलाया गया, जहां कपड़े उतरवाकर वीडियो बना ली गई। इसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्य वहां पहुंच गए और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपए की मांग रखी।

डर और सामाजिक बदनामी के भय से पीड़ित रिटायर्ड जेई ने प्लॉट बेचकर, कुछ रकम रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर 16.60 लाख रुपए आरोपियों को दे दिए। इसके बाद महिला और गिरोह का संपर्क टूट गया।

कुछ समय बाद सिरसा पुलिस ने इसी गिरोह को किडनैपिंग और ठगी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया। मीडिया में आरोपियों की तस्वीरें और वीडियो सामने आने पर रिटायर्ड जेई ने महिला को पहचान लिया और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाकर पूछताछ की, जिसमें इस हनीट्रैप मामले का भी खुलासा हुआ। पुलिस ने बताया कि पीड़ित रिटायर्ड जेई वर्तमान में शहर की एक नामी संस्था के प्रधान भी हैं।

शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि गिरोह की सरगना महिला सुमन है, जिसने यह तरीका अपनी ननद से सीखा था। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह में 10 से 12 सदस्य शामिल हैं और वे सोशल मीडिया व जान-पहचान के जरिए लोगों को फंसाकर ब्लैकमेलिंग और वसूली करते थे।