सिरसा के डबवाली में महिला की गला रेतकर हत्या, बेटे ने बताया आरोपी का नाम बेटे को 100 रुपए देकर बाहर भेजा, घर में महिला की हत्या कर फरार हुआ युवक

सिरसा के डबवाली में 28 वर्षीय महिला सुमन की गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोपी विक्रम भाट ने पहले महिला के बेटे को 100 रुपए देकर बाहर भेजा और दूसरे युवक का नाम लेने को कहा। घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

सिरसा के डबवाली में महिला की गला रेतकर हत्या, बेटे ने बताया आरोपी का नाम  बेटे को 100 रुपए देकर बाहर भेजा, घर में महिला की हत्या कर फरार हुआ युवक

सिरसा के डबवाली में महिला की गला रेतकर हत्या
बेटे को 100 रुपए देकर बाहर भेजा, दूसरे युवक का नाम बताने को कहा
घटना के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की जांच


सिरसा जिले के डबवाली में शनिवार देर शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां वार्ड नंबर 15 स्थित पार्षद प्रेम बहल वाली गली में 28 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सुमन पत्नी राजू के रूप में हुई है। वारदात का खुलासा तब हुआ जब महिला का 11 वर्षीय बेटा घर लौटा और उसने कमरे में अपनी मां का लहूलुहान शव पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुमन पिछले कुछ समय से अपने पति से अलग होकर किराए के मकान में अपने बेटे के साथ रह रही थी। शनिवार शाम एक युवक विक्रम भाट उनके घर आया था। बच्चे के मुताबिक विक्रम सीधे कमरे के अंदर गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ समय बाद वह बाहर निकला और बच्चे को अपने साथ थोड़ी दूरी तक ले गया।

बच्चे ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे 100 रुपए देकर बाहर भेज दिया और कहा कि अगर कोई पूछे तो कहना कि घर पर गगन नाम का युवक आया था। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जब बच्चा कुछ देर बाद घर लौटा तो उसने कमरे के अंदर जाकर देखा कि उसकी मां खून से लथपथ पड़ी थी और उसका गला काटा हुआ था। यह देखकर वह घबरा गया और आसपास के लोगों को बुलाया।

घटना के बाद घर पर मौजूद लोगों की भीड़।

स्थानीय लोगों की सूचना पर डबवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार विक्रम भाट का पिछले कुछ समय से महिला के साथ संपर्क था। बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति के साथ अक्सर विवाद रहता था, जिसके कारण वह अलग रह रही थी। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे आपसी संबंध, विवाद या कोई अन्य वजह तो नहीं है

फिलहाल आरोपी विक्रम भाट फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हत्या की असली वजह सामने लाई जाएगी