हरियाणा में प्रेक्टिस करते समय बास्केटबॉल पोल गिरने से नेशनल प्लेयर की मौत

रोहतक और बहादुरगढ़ में बास्केटबॉल पोल गिरने से दो खिलाड़ियों की मौत हुई। नेशनल प्लेयर हार्दिक और 15 वर्षीय अमन की मौत के बाद खेल आयोजनों पर तीन दिन की रोक लगा दी गई।

हरियाणा में प्रेक्टिस करते समय बास्केटबॉल पोल गिरने से नेशनल प्लेयर की मौत

  • रोहतक में बास्केटबॉल पोल गिरने से नेशनल प्लेयर हार्दिक की मौत

  • बहादुरगढ़ में भी जर्जर पोल गिरने से 15 वर्षीय खिलाड़ी अमन की जान गई

  • दो हादसों के बाद ओलिंपिक संघ ने तीन दिन तक खेल आयोजनों पर रोक लगाई



रोहतक के लाखनमाजरा ब्लॉक में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। बास्केटबॉल प्रैक्टिस के दौरान 750 किलो वजनी पोल गिरने से नेशनल लेवल के खिलाड़ी हार्दिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हार्दिक कोर्ट में दौड़ते हुए हूप में बॉल डालने का प्रयास करता है और उसी क्षण पूरा पोल टूटकर उसकी छाती पर गिर जाता है।

परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने हार्दिक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान लाखनमाजरा निवासी 16 वर्षीय हार्दिक पुत्र संदीप के रूप में हुई है। हार्दिक 10वीं का छात्र था और कई नेशनल इवेंट्स में पदक जीत चुका था। उसका छोटा भाई 7वीं में पढ़ता है। पिता संदीप एफसीआई में कार्यरत हैं।

इस हादसे की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि लाखनमाजरा स्टेडियम की मेंटीनेंस पिछले कई सालों से अधर में है। 4 साल पहले स्थानीय पंचायत को 11 लाख रुपए मंजूर होने के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं हुआ। तीन महीने पहले ग्रामीणों ने सीएम नायब सैनी से मिलकर मेंटीनेंस की गुहार लगाई थी, लेकिन कार्य टेंडर प्रक्रिया में ही अटका रहा।

पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना लाखनमाजरा एसएचओ समरजीत सिंह ने बताया कि मामले में बीएनएस 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

बहादुरगढ़ के होशियार सिंह स्टेडियम में टूटा पड़ा बास्केटबाल पोल। अमन के शव का अंतिम संस्कार करते परिजन और मृतक अमन का फाइल फोटो।

इसी बीच बहादुरगढ़ से भी ऐसा ही हादसा सामने आया है। शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में जर्जर बास्केटबॉल पोल गिरने से घायल 15 वर्षीय खिलाड़ी अमन की सोमवार रात पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार शाम उसका अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों के अनुसार अमन श्रीरामा भारती पब्लिक स्कूल में 10वीं का छात्र था और दो बहनों का इकलौता भाई था। वह रोज की तरह स्टेडियम प्रैक्टिस के लिए गया था। कुछ ही समय बाद परिवार को सूचना मिली कि जर्जर पोल टूटकर उसके पेट पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर आंतरिक चोटें आईं।

परिजनों ने आरोप लगाया कि पीजीआई रोहतक में समय पर इलाज नहीं मिला, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। उन्होंने डॉक्टरों की लापरवाही का विरोध भी किया, लेकिन उल्टा उन पर ही कार्रवाई की गई।

इन लगातार दो घटनाओं के बाद ओलिंपिक संघ ने बड़ा निर्णय लेते हुए अगले तीन दिन तक हरियाणा में किसी भी खेल आयोजन पर रोक लगा दी है।