मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवंदा हिमाचल में हादसे में घायल, हालत गंभीर फोर्टिस में भर्ती

हिमाचल के बद्दी में सड़क हादसे में घायल पंजाबी गायक राजवीर जवंदा की हालत नाजुक है। मोहाली फोर्टिस अस्पताल में उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया है। नेताओं और कलाकारों ने सलामती की दुआ की।

मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवंदा हिमाचल में हादसे में घायल, हालत गंभीर फोर्टिस में भर्ती

हिमाचल के बद्दी में सड़क हादसे का शिकार हुए पंजाबी गायक राजवीर जवंदा
मोहाली फोर्टिस अस्पताल में एडवांस लाइफ सपोर्ट पर भर्ती
नेताओं और कलाकारों ने पहुंचकर की सलामती की दुआ


हिमाचल प्रदेश के बद्दी में हुए सड़क हादसे ने पूरे पंजाब के संगीत जगत और प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवंदा अपने चार दोस्तों के साथ बाइक राइड पर निकले थे। अचानक रास्ते में एक पशु सामने आ गया, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर पर गहरी चोट लगी और हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फोर्टिस अस्पताल के बाहर राजवीर जवंदा के लिए अस्पताल के बाहर लोग अरदास कर रहे।

अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, हादसे के बाद जवंदा की स्थिति बेहद नाजुक थी। उन्हें एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। रास्ते में ही उन्हें कार्डियक अटैक भी आया था। फिलहाल उनका ब्लड प्रेशर स्थिर है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि अब से अगले 24 घंटे बेहद निर्णायक होंगे।

हादसे की खबर सामने आते ही जवंदा के प्रशंसक और समर्थक उनकी सलामती की दुआ करने लगे। अस्पताल में नेताओं और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के दिग्गजों का जमावड़ा लग गया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने जवंदा के लिए दुआ की।

राजवीर जवंदा को देखने पहुंचे सिंगर मनकीरत औलख।

संगीत और फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों में कंवर ग्रेवाल, गिप्पी ग्रेवाल, मनकीरत औलख, जस बाजवा, कुलविंदर बिल्ला, कर्मजीत अनमोल, आर नेत, सुरजीत खान, जी खान, जीत जगजीत, मलविंदर सिंह कंग और मलकीत रॉनी अस्पताल पहुंचे। वहीं, दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और गायक इंद्रजीत निक्कू ने वीडियो संदेश जारी कर शुभकामनाएं दीं।

यह हादसा पंजाबी संगीत जगत के लिए बड़ा झटका है। साथी कलाकारों और प्रशंसकों की दुआएं इस समय उनके साथ हैं और सबकी नजरें अब अगले 24 घंटे पर टिकी हुई हैं।

अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन की 5 अहम बातें...

  • रेफर कर लाया गया: मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल ने मेडिकल बुलेटिन में कहा- पंजाबी गायक राजवीर जवंदा को 27 सितंबर को फोर्टिस अस्पताल, मोहाली रेफर किया गया था।
  • दोपहर में भर्ती कराया, सिर-रीढ़ की हड्‌डी पर गंभीर चोट: दोपहर 1:45 बजे बेहद गंभीर हालत में उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। सड़क दुर्घटना में उनके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं।
  • सिविल अस्पताल में हार्ट अटैक भी हुआ: फोर्टिस अस्पताल, मोहाली में लाने से पहले सिविल अस्पताल में उन्हें हार्ट अटैक भी हुआ था।
  • एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा: जवंदा के अस्पताल पहुंचते ही इमरजेंसी और न्यूरोसर्जरी टीमों ने तुरंत उनकी जांच की। डिटेल्ड जांच और चेकअप किए गए।
  • वेटिंलेटर पर लेकिन हालत गंभीर: जवंदा को अभी वेंटिलेटर पर रखा गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत की कड़ी निगरानी कर रही है।