पंजाब MLA की तलाश में करनाल में तलाशी अभियान: एनकाउंटर स्पेशलिस्ट DSP बराड़ की टीम ने रातभर सीसीटीवी खंगाले

हरियाणा व पंजाब में AAP MLA हरमीत सिंह पठानमाजरा की तलाश में पंजाब पुलिस सक्रिय है। करनाल के डबरी गांव में सीसीटीवी फुटेज जांची गई। पुलिस ने MLA और पूर्व सरपंच पर सरकारी काम में बाधा व पथराव की शिकायत दर्ज की।

पंजाब MLA की तलाश में करनाल में तलाशी अभियान: एनकाउंटर स्पेशलिस्ट DSP बराड़ की टीम ने रातभर सीसीटीवी खंगाले
AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा

➤ हरियाणा व पंजाब में AAP MLA हरमीत सिंह पठानमाजरा की पंजाब पुलिस तलाश में
➤ करनाल के डबरी गांव में सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, पूर्व सरपंच का सुराग नहीं
➤ पुलिस ने MLA व पूर्व सरपंच पर सरकारी काम में बाधा व पथराव की शिकायत दर्ज की

हरियाणा व पंजाब के बीच एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसमें AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा की तलाश में पंजाब पुलिस की सीआईए टीम हरियाणा के करनाल जिले में सक्रिय है। मंगलवार देर रात पंजाब पुलिस के DSP लेवल अधिकारी करनाल के डबरी गांव पहुंचे। उनके साथ एनकाउंटर स्पेशलिस्ट DSP विक्रमजीत बराड़ भी मौजूद थे।

पंजाब पुलिस की पांच गाड़ियों में सवार टीमों ने रात लगभग 11 बजे डबरी गांव का दौरा किया और यहां के सरपंच को बुलाकर पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया। पूर्व सरपंच गुरनाम लाडी के घर के पास और गांव के अन्य हिस्सों के फुटेज भी जांचे गए।

हालांकि, विधायक और उनके रिश्तेदारों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पूर्व सरपंच गुरनाम लाडी का मोबाइल बंद है और उनके ठिकाने का पता नहीं चल पाया। करनाल में लगे अन्य कैमरों की भी जांच की गई है।

डबरी गांव के मौजूदा सरपंच सुरेश कुमार ने बताया कि पंजाब से आए वरिष्ठ अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए, लेकिन उन्हें इस दौरान पूरा विवरण नहीं पता था।

पंजाब पुलिस ने मंगलवार शाम को हरमीत सिंह और पूर्व सरपंच के खिलाफ करनाल के सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में कहा गया कि MLA और पूर्व सरपंच ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाई और पुलिस पार्टी पर फायरिंग व पथराव किया। पुलिस ने बताया कि सुबह 5 बजे MLA को पकड़ने के लिए टीम पूर्व सरपंच के घर गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने MLA को पुलिस की गाड़ी से बाहर आने नहीं दिया। इसके बाद MLA मौके से फरार हो गया।

वहीं, ग्रामीण और पूर्व सरपंच की पत्नी का कहना है कि कोई पथराव या हवाई फायरिंग नहीं हुई। पुलिस ने आराम से MLA से बात की और लंगर भी खिलाया। इसके बाद MLA को पुलिस ने अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जाया।