PM दौरे से पहले बदला रूट, SPG ने सुरक्षा कारणों से लिया बड़ा फैसला; जींद में सिर्फ 40 मिनट रुकेंगे मोदी

PM दौरे से पहले बदला रूट, SPG ने सुरक्षा कारणों से लिया बड़ा फैसला; जींद में सिर्फ 40 मिनट रुकेंगे मोदी

प्रधानमंत्री के दौरे से कुछ घंटे पहले SPG ने बदला VVIP रूट, शहर के बीच से नहीं गुजरेंगे मोदी

रामलीला ग्राउंड में हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, फिर हुडा ग्राउंड में करेंगे जनसभा

सुरक्षा समीक्षा के बाद मेहमानों की सूची भी बदली, पूरे शहर में हाई अलर्ट


हरियाणा के जींद में शुक्रवार को होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से कुछ घंटे पहले स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) ने सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। सुरक्षा एजेंसियों की समीक्षा के बाद प्रधानमंत्री के पूरे रूट में बदलाव कर दिया गया है। अब प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर सीधे जींद रेलवे स्टेशन के पास स्थित रामलीला ग्राउंड में बने हेलीपैड पर उतरेगा। यहीं से वह देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और इसके बाद नए निर्धारित मार्ग से हुडा ग्राउंड पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।

जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तैयारियों का लिया जायजा।

इस बदलाव के साथ प्रधानमंत्री का पूरा कार्यक्रम भी छोटा कर दिया गया है। अब उनका जींद में कुल 40 से 45 मिनट का ही कार्यक्रम रहेगा। कार्यक्रम समाप्त होते ही वह चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे।

SPG ने सुरक्षा कारणों से बदला पूरा रूट

पहले प्रधानमंत्री का काफिला शहर के बीच से गुजरते हुए रोड शो के साथ रैली स्थल तक पहुंचने वाला था। इसके लिए गोहाना रोड सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों को सुरक्षा घेरे में लिया गया था। लेकिन अंतिम सुरक्षा निरीक्षण के दौरान SPG ने इस रूट पर आपत्ति जताई।

बताया गया कि शहर के अंदर कई स्थानों पर सड़कें संकरी और सिंगल लेन हैं, जिससे VVIP मूवमेंट के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन प्रभावित हो सकता था। इसी कारण अंतिम समय में रूट बदल दिया गया।

अब प्रधानमंत्री रेलवे स्टेशन से पटियाला चौक, नरवाना चौक होते हुए अमरेहड़ी के पास जींद बाईपास पर चढ़ेंगे और हैबतपुर रोड के रास्ते सीधे रैली स्थल पहुंचेंगे। नए रूट से शहर के सबसे व्यस्त इलाकों को पूरी तरह बाहर रखा गया है।

व्यापारियों और आम लोगों को मिली राहत

रूट बदलने के फैसले से शहर के व्यापारियों और आम लोगों ने राहत की सांस ली है। यदि पुराना रूट लागू रहता तो सिविल अस्पताल, जिला न्यायालय और आसपास के सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना काफी मुश्किल हो जाता।

गोहाना रोड पर सुरक्षा के लिए पिछले कई दिनों से दुकानों के बाहर लगाई गई बांस की बल्लियां भी हटाई जाने लगी हैं। प्रशासन का मानना है कि नए रूट से शहर के अंदर ट्रैफिक पर पहले की तुलना में काफी कम असर पड़ेगा।

पीएम की रैली को लेकर मंच पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है।

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री सबसे पहले जींद रेलवे स्टेशन पहुंचकर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार उद्घाटन के बाद ट्रेन में सबसे पहले करीब 200 स्कूली बच्चों को यात्रा कराई जाएगी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।

रेलवे स्टेशन और पुलिस लाइन दोनों स्थानों पर हेलीपैड तैयार किए गए हैं। वायुसेना की टीम पहले ही दोनों जगह हेलीकॉप्टर की रिहर्सल लैंडिंग कर चुकी है।

रैली स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हुडा ग्राउंड में प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए विशाल पंडाल तैयार किया गया है। यहां सबसे ऊंचा वीवीआईपी मंच बनाया गया है। आम लोगों के लिए 10 ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें 4 ब्लॉक महिलाओं और 6 ब्लॉक पुरुषों के लिए आरक्षित हैं।

प्रत्येक ब्लॉक के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं। पूरे परिसर की जांच डॉग स्क्वॉड, मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों से लगातार की जा रही है।

ई-बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन भी तैयार

रैली में प्रदेशभर से आने वाली ई-बसों के लिए प्रशासन ने 12 बड़े अस्थायी चार्जिंग स्टेशन बनाए हैं। इसके अलावा लगभग 50 छोटे इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी अलग चार्जिंग प्वाइंट तैयार किए गए हैं।

इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री पंजाब से जुड़े दो अन्य रेलवे प्रोजेक्ट्स का भी डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे।

मंत्रियों और मेहमानों की सूची भी बदली

प्रधानमंत्री के दौरे को राज्यस्तरीय कार्यक्रम का स्वरूप दिया गया है। इसी कारण शुक्रवार को प्रदेश के 21 जिलों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकांश मंत्रियों और विधायकों को अपने-अपने जिलों में रहने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि जींद में सीमित संख्या में ही जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया है।

भाजपा ने गुरुवार शाम को विशेष मेहमानों की सूची में भी बदलाव किया। पहले जारी सूची में कांग्रेस के पांच बागी विधायकों के नाम शामिल थे, लेकिन बाद में सूची में संशोधन कर दिया गया।

SPG कमांडो चप्पे-चप्पे पर तैनात

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। SPG, हरियाणा पुलिस, खुफिया एजेंसियां और सादी वर्दी में तैनात सुरक्षा कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्यपाल असीम घोष भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे।