MBBS डॉक्टर ने बॉयफ्रेंड की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर तीसरी मंजिल से लगाई छलांग

पानीपत में एक MBBS महिला डॉक्टर ने कथित ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। आरोपी पर रेप और अश्लील वीडियो बनाने के आरोप लगे हैं।

MBBS डॉक्टर ने बॉयफ्रेंड की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर तीसरी मंजिल से लगाई छलांग
  • MBBS डॉक्टर ने बॉयफ्रेंड की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर तीसरी मंजिल से लगाई छलांग
  • ब्‍वायफ्रेंड पर एक करोड़ मांगने के आरोप
  • रेप, अश्लील वीडियो और शादी के दबाव के गंभीर आरोप में जांच शुरू
  • पूरे शरीर में फ्रैक्चर के बाद बेड पर जिंदगी काटने को मजबूर पीड़िता

हरियाणा के पानीपत से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला MBBS डॉक्टर ने अपने कथित बॉयफ्रेंड की लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर अपने मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस हादसे में डॉक्टर के पूरे शरीर में गंभीर फ्रैक्चर हो गए। हालत इतनी खराब है कि वह न ठीक से उठ पा रही है और न ही बैठ पा रही है। यह भी बताया जा रहा है कि निजी तस्‍वीरें वायरल करने के नाम पर धमकी दे रहा था और एक करोड़ मांग रहा था। 

जानकारी के अनुसार, पीड़िता कई दिनों तक पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती रही। फिलहाल वह पूरी तरह बेड पर है और चलने-फिरने में असमर्थ बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के भाई और चाचा ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद एसपी ने जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंप दी।

पुलिस को दी गई शिकायत और जांच रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता वर्तमान में एक MBBS डॉक्टर है। साल 2015 में जब वह जींद के एक पब्लिक स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ती थी, तभी उसकी दोस्ती उसी स्कूल में पढ़ने वाले मोहित निवासी जींद से हुई थी। आरोप है कि मोहित ने खुद को बेहद अमीर और अच्छे परिवार से जुड़ा बताकर लड़की को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का प्रस्ताव रखा।

परिवार का आरोप है कि बाद में जब पीड़िता मेडिकल की पढ़ाई के लिए तेलंगाना चली गई, तो आरोपी वहां भी उसका पीछा करते हुए पहुंच गया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने दोस्ती का फायदा उठाते हुए उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।

आरोप है कि बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसकी अश्लील वीडियो व तस्वीरें अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लीं। जब पीड़िता को आरोपी की सच्चाई का पता चला तो उसने शादी से साफ इंकार कर दिया।

इसके बाद आरोपी लगातार उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक दबाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर डॉक्टर ने आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। पीड़िता और उसके परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।