हाईवे से नोट उड़ाए, नीचे मच गई लूट की होड़
पानीपत में कुछ युवकों ने एलिवेटेड हाईवे से 10-10 रुपए के नोट उड़ाए। नोट उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई। वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की मांग उठी है।
- हाईवे से युवकों ने उड़ाए 10-10 रुपए के नोट
- नोट बटोरने के लिए GT रोड पर राहगीरों में मची होड़
- वायरल वीडियो के बाद ट्रैफिक पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
हरियाणा के पानीपत से सोशल मीडिया रील बनाने के जुनून का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने वायरल होने की चाह में ऐसा कदम उठाया, जिससे न सिर्फ उनकी बल्कि सैकड़ों राहगीरों और वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक पानीपत के एलिवेटेड हाईवे पर खड़े हैं। उनके साथ कुछ बच्चे भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान युवक वीडियो बनाते हुए पुल के ऊपर से नीचे गुजर रही व्यस्त GT रोड पर 10-10 रुपए के नोट उड़ाने लगते हैं।
जैसे ही नोट सड़क पर गिरने शुरू हुए, नीचे गुजर रहे लोगों में उन्हें उठाने की होड़ मच गई। कई बाइक सवार, राहगीर और अन्य लोग अपने वाहन रोककर नोट बटोरने के लिए सड़क पर दौड़ पड़े। कुछ लोग ट्रैफिक के बीच जान जोखिम में डालकर नोट उठाते हुए दिखाई दिए।
स्थिति इतनी खतरनाक हो गई कि कई वाहनों को अचानक ब्रेक लगाने पड़े। सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा सड़क हादसा नहीं हुआ, वरना स्थिति गंभीर हो सकती थी।
वीडियो का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि घटनास्थल के पास ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी भी मौजूद दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि खुलेआम नियमों का उल्लंघन होने के बावजूद मौके पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नोट उठाने की होड़ में कोई बच्चा, राहगीर या वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। लोगों ने ऐसे रीलबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की हरकतें किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती हैं।
Akhil Mahajan