पानीपत में जीटी रोड पर करंट लगने से कार ड्राइवर की मौ*त, L&T कंपनी और टोल प्रबंधन पर लापरवाही का केस
पानीपत में जीटी रोड पर PVR मॉल के सामने लोहे की ग्रिल में करंट लगने से 30 वर्षीय ड्राइवर की मौत हो गई। पुलिस ने L&T कंपनी और टोल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
- पानीपत में जीटी रोड पर करंट लगने से 30 वर्षीय कार ड्राइवर की मौत
- PVR मॉल के सामने लोहे की ग्रिल छूते ही लगा करंट, मौके पर तोड़ा दम
- L&T कंपनी और टोल प्रबंधन पर लापरवाही का केस, पुलिस जांच में जुटी
पानीपत। हरियाणा के पानीपत में जीटी रोड पर एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय कार ड्राइवर प्रदीप की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा PVR मॉल के सामने उस समय हुआ, जब गाड़ी में तकनीकी खराबी आने के बाद वह नीचे उतरा और सहारा लेने के लिए सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रिल को छू लिया। ग्रिल में करंट दौड़ रहा था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक रोहतक जिले के गांव पाक्समा का रहने वाला था और पेशे से ड्राइवर था। परिजनों का आरोप है कि हाईवे के रखरखाव में लापरवाही के कारण ग्रिल में बिजली का करंट आ गया था। इसी लापरवाही ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया।
तहसील कैंप थाना पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई वीरेंद्र ने बताया कि प्रदीप 27 जून को हिमाचल प्रदेश से गैस सिलेंडर लोड कर रोहतक लौट रहा था। दोपहर के समय जब वह पानीपत में PVR मॉल के सामने पहुंचा तो उसकी गाड़ी में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद उसने वाहन सड़क किनारे रोक दिया।
शिकायत के अनुसार, प्रदीप मदद के लिए आसपास लोगों को आवाज लगाने लगा। इसी दौरान उसने सहारा लेने के लिए डिवाइडर पर लगी लोहे की ग्रिल पर हाथ रखा। आरोप है कि ग्रिल में बिजली का करंट दौड़ रहा था। हाथ लगते ही उसे जोरदार झटका लगा और वह ग्रिल से चिपक गया। करंट इतना तेज था कि उसे संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित एजेंसियों के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मौके पर ग्रिल और पोल में करंट होने का दावा किया और इसकी जांच भी कराई।
मृतक के भाई ने शिकायत में L&T कंपनी, टोल प्रोजेक्ट मैनेजर और संबंधित कर्मचारियों को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि खुले बिजली के तारों और रखरखाव में लापरवाही के कारण ग्रिल में करंट उतर आया था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर L&T कंपनी और टोल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक प्रदीप की दो वर्ष पहले शादी हुई थी। वह एक एक वर्षीय बच्चे का पिता था। उसकी अचानक मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
pooja