पानीपत में कांग्रेस नेता की शर्मनाक हरकत, महिला से नंबर मांगने के आरोप में 10 बार पैर पकड़कर मांगी माफी

पानीपत बस स्टैंड पर महिला से मोबाइल नंबर मांगने के आरोप में कांग्रेस नेता सतपाल वाल्मीकि को ग्रामीणों ने घेरा। वायरल वीडियो में नेता बार-बार पैर पकड़कर माफी मांगते दिखे।

पानीपत में कांग्रेस नेता की शर्मनाक हरकत, महिला से नंबर मांगने के आरोप में 10 बार पैर पकड़कर मांगी माफी
  • पानीपत बस स्टैंड पर कांग्रेस नेता पर महिला से मोबाइल नंबर मांगने का आरोप
  • ग्रामीणों ने घेरा, वीडियो में 10 से ज्यादा बार पैर पकड़कर माफी मांगते दिखे नेता
  • आरोपी नेता ने खुद को एक्स पुलिसकर्मी बताया, महिला ने थाने में शिकायत नहीं दी

हरियाणा के पानीपत बस स्टैंड पर उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला ने कांग्रेस से जुड़े नेता सतपाल वाल्मीकि पर चलती बस में मोबाइल नंबर मांगने का आरोप लगाया। महिला के विरोध के बाद मामला इतना बढ़ा कि ग्रामीण और परिजन बस स्टैंड पर पहुंच गए और वहां मौजूद लोगों ने नेता को घेर लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

फोन पर महिला की शिकायत मिलने पर बस स्टैंड पहुंचे परिजन और बस के भीतर सतपाल और महिला को तलाशने जाते हुए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना एक निजी बस में शुरू हुई। महिला ने आरोप लगाया कि सफर के दौरान सतपाल वाल्मीकि ने उससे मोबाइल नंबर मांगा, जिस पर उसने आपत्ति जताई। स्थिति बिगड़ती देख महिला ने तुरंत अपने गांव फोन कर परिजनों और ग्रामीणों को जानकारी दी। जैसे ही बस पानीपत बस स्टैंड पहुंची, वहां पहले से ही काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

बस से नीचे उतरती महिला। इसी महिला ने सतपाल वाल्मीकि पर मोबाइल नंबर मांगने का आरोप लगाया है।

बस से नीचे उतरते ही ग्रामीणों ने सतपाल वाल्मीकि को चारों तरफ से घेर लिया। गुस्से में ग्रामीणों ने उनके व्यवहार को शर्मनाक बताया और कड़ी नाराजगी जताई। भीड़ का दबाव बढ़ता देख नेता का रवैया बदल गया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि सतपाल वाल्मीकि महिला के सामने बार-बार झुककर, कभी घुटनों के बल बैठकर तो कभी महिला के पैर पकड़कर माफी मांगते नजर आ रहे हैं।

ग्रामीणों के सिर पर हाथ रखकर कसम खाते हुए सतपाल कि मैंने बहन कह कर ही बात की थी।

बताया जा रहा है कि सतपाल वाल्मीकि ने 10 से ज्यादा बार महिला के पैर पकड़े और उसे ‘बहन’ कहकर माफी मांगते रहे। वीडियो में वह कहते दिखाई दे रहे हैं कि उनसे गलती हो गई है और उन्हें माफ कर दिया जाए। इस दौरान वह भगवान, बच्चों और अपनी कसम खाते हुए भी नजर आए।

महिला ने मौके पर सवाल उठाया कि मेरा नंबर क्या सरकारी है, जो आप मुझसे मांग रहे थे। इस पर सतपाल वाल्मीकि बार-बार यही कहते रहे कि उन्होंने बहन समझकर बात की और उनके घर में भी बहन-बेटियां हैं। हालांकि, माफी मांगने के बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और काफी देर तक बस स्टैंड पर हंगामा चलता रहा।

चलती बात को बीच में ही छोड़कर तेज कदमों से पीछे मुड़कर जाते हुए सतपाल वाल्मीकि।

मौके की अफरा-तफरी के बीच, जैसे ही भीड़ का ध्यान थोड़ा भटका, सतपाल वाल्मीकि तेज कदमों से वहां से निकल गए। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वह बस स्टैंड से जा चुके थे।

इस पूरे मामले पर सतपाल वाल्मीकि ने अपनी सफाई भी दी है। उन्होंने बताया कि बस में उनके पीछे बैठी एक महिला ने कहा था कि उसका बैंक अकाउंट हैक हो गया है। इसी वजह से, खुद को एक्स पुलिसकर्मी बताते हुए उन्होंने शिकायत दर्ज कराने के लिए मोबाइल नंबर मांगा था। उनका कहना है कि इसी बात को गलत तरीके से पेश किया गया।

सतपाल वाल्मीकि इसराना विधानसभा क्षेत्र से सक्रिय राजनीति में हैं और 2024 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस टिकट के दावेदार माने जा रहे थे। इस घटना के सामने आने के बाद न सिर्फ उनकी छवि को झटका लगा है, बल्कि कांग्रेस पार्टी के लिए भी असहज स्थिति बन गई है। वहीं, महिला की ओर से अब तक किसी थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की पुष्टि नहीं हुई है।