दर्दनाक हादसा: सगाई से लौट रहे तीन युवकों की मौत, ट्रॉले के नीचे दब गई कार

नूंह के फिरोजपुर झिरका में तेज रफ्तार ट्रॉले ने ईको कार को टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौत और एक गंभीर घायल हुआ।

दर्दनाक हादसा: सगाई से लौट रहे तीन युवकों की मौत, ट्रॉले के नीचे दब गई कार

 

➤ तेज रफ्तार ट्रॉले की टक्कर से ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
➤ करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बुलडोजर से निकाले गए चार युवक
➤ तीन की मौत, एक गंभीर घायल; फरार ट्रॉला चालक की तलाश जारी


नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। नेशनल हाईवे नंबर 248A पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कट के पास अलवर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रॉले ने ईको कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रॉले के नीचे बुरी तरह फंस गई और उसमें सवार चारों युवक अंदर ही फंस गए। करीब तीन घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद बुलडोजर की मदद से युवकों को कार से बाहर निकाला जा सका। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और वेंटिलेटर पर बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, ईको कार में सोहना क्षेत्र के तीन युवक और गुरुग्राम का एक युवक सवार था। सभी एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जब कार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी वाले कट के पास पहुंची, तभी अलवर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार DLT ट्रॉले ने कार को टक्कर मार दी।

नूहं में हादसे के बाद बुरी तरह से पिचकी इको कार।

टक्कर के बाद ट्रॉले के नीचे फंस गई कार

हादसे के बाद ईको कार बुरी तरह पिचक गई और ट्रॉले के नीचे चली गई। कार में सवार चारों युवक उसके अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। क्षतिग्रस्त कार से युवकों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल था, जिसके चलते बुलडोजर और जेसीबी की मदद ली गई।

करीब तीन घंटे तक राहत और बचाव का काम चलता रहा। काफी मशक्कत के बाद चारों युवकों को कार से बाहर निकाला गया। इनमें तीन युवकों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक युवक गंभीर हालत में जीवित मिला।

तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

मृतकों की पहचान गुरुग्राम निवासी रवि पुत्र हरिओम, सोहना निवासी अनिल और विवेक के रूप में हुई है। हादसे में घायल युवक भी सोहना क्षेत्र का बताया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए फिलहाल उसे बयान देने के लिए अनफिट बताया है।

हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। क्षतिग्रस्त ईको कार की हालत देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ट्रॉले के नीचे से कार को निकालती जेसीबी।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

थाना शहर फिरोजपुर झिरका के प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रॉले को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, ट्रॉला चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।