सोनीपत को मिली नई उपायुक्त: नेहा सिंह ने संभाला कार्यभार, जनसेवा और पारदर्शिता पर रहेगा फोकस
आईएएस नेहा सिंह ने सोनीपत के उपायुक्त का कार्यभार संभाल लिया है और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता बताया है।
■ 2015 बैच की IAS नेहा सिंह ने संभाला सोनीपत DC पद
■ जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन प्राथमिकता
■ पलवल और कुरुक्षेत्र में दे चुकी हैं प्रशासनिक दक्षता का परिचय
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले को नई प्रशासनिक कमान मिल गई है। वर्ष 2015 बैच की आईएएस अधिकारी नेहा सिंह ने उपायुक्त (DC) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं को तय समयसीमा में हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहेगा।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसेवा की भावना के साथ काम करें और किसी भी नागरिक की समस्या के समाधान में लापरवाही न बरतें।
नेहा सिंह ने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन की असली सफलता है। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान किया और कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है।
आईएएस नेहा सिंह इससे पहले पलवल और कुरुक्षेत्र में उपायुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। इन जिलों में उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके अनुभव और नेतृत्व से अब सोनीपत में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के बेहतर समन्वय से जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम गोहाना अंजलि श्रोत्रिय, एसीयूटी योगेश दिल्हौर, एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र, एसडीएम खरखौदा डॉ. निर्मल नागर, एसडीएम गन्नौर प्रवेश कादियान और नगराधीश डॉ. अनमोल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Akhil Mahajan