दोहा डायमंड लीग 2026 से बाहर हुए नीरज चोपड़ा, एंट्री लिस्ट में नहीं नाम

भारतीय स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा दोहा डायमंड लीग 2026 में हिस्सा नहीं लेंगे। वह फिलहाल स्विट्जरलैंड में ट्रेनिंग कैंप में आगामी बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी कर रहे हैं।

दोहा डायमंड लीग 2026 से बाहर हुए नीरज चोपड़ा, एंट्री लिस्ट में नहीं नाम
  • दोहा डायमंड लीग 2026 में नहीं खेलेंगे नीरज चोपड़ा
  • चार साल में पहली बार टूर्नामेंट में नहीं दिखेंगे भारतीय स्टार
  • कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स की तैयारी के लिए स्विट्जरलैंड में ट्रेनिंग कैंप

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा इस बार दोहा डायमंड लीग 2026 में हिस्सा नहीं लेंगे। 19 जून को होने वाली प्रतियोगिता के लिए जारी एंट्री लिस्ट में उनका नाम शामिल नहीं है। इसके साथ ही पिछले चार वर्षों में यह पहला मौका होगा जब नीरज दोहा डायमंड लीग में नजर नहीं आएंगे।

नीरज चोपड़ा का दोहा डायमंड लीग से खास रिश्ता रहा है। उन्होंने 2023 में 88.67 मीटर के थ्रो के साथ खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद 2024 में 88.36 मीटर के प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं पिछले वर्ष उन्होंने 90.23 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचा था, हालांकि जर्मनी के जूलियन वेबर ने 91.06 मीटर थ्रो कर उन्हें पीछे छोड़ दिया था।

हालांकि इस बार उनकी गैरमौजूदगी को लेकर पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे। नीरज फिलहाल स्विट्जरलैंड के बिएन स्थित ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर में 47 दिन के ऑफ-सीजन ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रहे हैं। यह कैंप 10 जुलाई तक चलेगा।

बताया जा रहा है कि नीरज चोपड़ा आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स की तैयारियों पर पूरा फोकस कर रहे हैं। इसी कारण उन्होंने दोहा डायमंड लीग में भाग नहीं लेने का फैसला किया है।

नीरज चोपड़ा आखिरी बार विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में प्रतिस्पर्धा करते हुए नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने अभी तक 2026 सीजन की शुरुआत नहीं की है।

हालांकि नीरज की अनुपस्थिति के बावजूद दोहा डायमंड लीग में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा आकर्षण का केंद्र बनी रहेगी। पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उनके अलावा श्रीलंका के रुमेश पथिराजे भी मैदान में उतरेंगे, जिन्होंने हाल ही में रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का शानदार थ्रो कर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था।

इसके अलावा एंडरसन पीटर्स, जूलियस येगो, कर्टिस थॉम्पसन और जैकब वाडलेजच जैसे कई बड़े नाम भी प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगे। दोहा डायमंड लीग 2026 सीजन का सातवां चरण होगा, जबकि इसका फाइनल सितंबर में ब्रुसेल्स में आयोजित किया जाएगा।