मनीषा मित्तल हत्याकांड का CCTV वीडियो सामने आया, मास्क पहने 2 शूटर भागते हुए आए और मनीषा के सिर में गोली मारी
शिमला के मनीषा मित्तल हत्याकांड का CCTV फुटेज सामने आया है। दोनों आरोपी गिरफ्तार हैं और पुलिस संपत्ति विवाद समेत कई एंगल पर जांच कर रही है।
➤ शिमला में मनीषा मित्तल हत्याकांड का CCTV फुटेज सामने आया
➤ वारदात के 39 घंटे के भीतर दोनों शूटर गिरफ्तार
➤ संपत्ति विवाद समेत कई एंगल पर जांच, मास्टरमाइंड की तलाश जारी
हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली मनीषा मित्तल हत्याकांड का वीडियो सामने आया है। फुटेज में आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से मास्क पहने भागता हुआ आता है और स्कूल के गेट के पास सिर पर गोली मारकार भाग जाता है। पुलिस के अनुसार वीडियो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है।
बता दें कि शिमला में यह सनसनीखेज घटना 13 जून की शाम संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल के बाहर हुई थी। मनीषा मित्तल पर हमला किए जाने के बाद उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे हिमाचल प्रदेश में सनसनी फैल गई थी।
CCTV फुटेज से जांच को मिली नई दिशा
सामने आए फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां और उनकी मूवमेंट दिखाई दे रही है। जांच एजेंसियां फुटेज के हर फ्रेम का विश्लेषण कर रही हैं, ताकि वारदात की पूरी साजिश और उसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस का मानना है कि हमलावर पूरी तैयारी और योजना के साथ मौके पर पहुंचे थे। फुटेज में दिखाई गई गतिविधियां जांच के लिए अहम सुराग मानी जा रही हैं।
39 घंटे में दोनों शूटर गिरफ्तार
घटना के बाद शिमला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 39 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश किसने रची और इसके पीछे वास्तविक मकसद क्या था।
संपत्ति विवाद समेत कई एंगल पर जांच
जांच एजेंसियां हत्या के पीछे संपत्ति विवाद, पारिवारिक मतभेद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी एक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाएगा।
मास्टरमाइंड की तलाश जारी
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं। जांच का मुख्य फोकस अब इस बात पर है कि हत्या की सुपारी किसने दी, साजिश में और कौन-कौन शामिल था तथा वारदात के पीछे असली कारण क्या था।
पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Akhil Mahajan