चलती कार में लगी आग, वकील की मौत, भाई गंभीर
कुरुक्षेत्र में ट्रक की टक्कर से सरकारी वकील रविंद्र कुमार की मौत हो गई। हादसे में कार में आग लग गई, जबकि मौसेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
-
कुरुक्षेत्र-ढांड रोड पर ट्रक की टक्कर से कार में लगी आग, सरकारी वकील की मौत
-
कैथल कोर्ट में तैनात रविंद्र कुमार हादसे में जख्मी मौसेरे भाई के साथ जा रहे थे अस्पताल
-
गलत साइड से आया ट्रक ड्राइवर हादसे के बाद मौके से फरार, पुलिस ने केस दर्ज किया
कुरुक्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी वकील की मौत हो गई। हादसा ढांड रोड पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक गलत साइड में आकर कार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई और देखते ही देखते वह जलकर खाक हो गई।
घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है। मृतक की पहचान रविंद्र कुमार (30) निवासी हथीरा के रूप में हुई है, जो कैथल कोर्ट में सरकारी वकील के रूप में तैनात थे। हादसे में उनके साथ कार में मौजूद मौसेरा भाई कमल गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रविंद्र अपने रिश्तेदार गुरविंदर सिंह की मौसी के घर बारना गांव गए थे। रात को उन्हें सूचना मिली कि उनका ताऊ पाला राम, जो कैंसर से पीड़ित है, की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसी सूचना पर रविंद्र अपने मौसेरे भाई के साथ अस्पताल जा रहे थे।
जब वे खानपुर गांव के पास पहुंचे तो सामने से गलत दिशा में आ रहा ट्रक (HR58/D1270) उनकी कार से टकरा गया। टक्कर लगते ही कार के बोनट में आग लग गई और कुछ ही पलों में लपटों ने पूरी कार को घेर लिया।
पास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत बाइक रोकी और मदद के लिए दौड़े। उन्होंने किसी तरह दोनों को कार से बाहर निकाला और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
दोनों को LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र ले जाया गया, जहां रविंद्र ने दम तोड़ दिया। कमल की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Author1