'कुंभ वायरल गर्ल' नाबालिग निकली, POCSO में FIR:अनुसूचित जनजाति आयोग की जांच में खुलासा; MP-केरलम के DGP दिल्ली तलब
कुंभ वायरल गर्ल मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। लड़की नाबालिग निकली और फर्जी दस्तावेज से शादी कराई गई। आरोपी पर POCSO केस दर्ज, DGP दिल्ली तलब।
➤ ‘कुंभ वायरल गर्ल’ निकली नाबालिग, शादी पर बड़ा खुलासा
➤ आरोपी फरमान पर POCSO और एट्रोसिटी एक्ट में FIR दर्ज
➤ NCST की जांच के बाद MP-केरल के DGP दिल्ली तलब
सोशल मीडिया पर चर्चित रही ‘कुंभ वायरल गर्ल’ मामले में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की जांच में सामने आया कि जिस लड़की को बालिग बताकर शादी कराई गई, वह दरअसल नाबालिग है।
रिकॉर्ड के अनुसार, शादी के समय लड़की की उम्र मात्र 16 साल 2 माह थी। इस खुलासे के बाद मामला गंभीर हो गया है और कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
मध्य प्रदेश के महेश्वर थाना में आरोपी फरमान खान के खिलाफ POCSO एक्ट और एट्रोसिटी एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर की गई है।
आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य के नेतृत्व में जांच टीम ने महेश्वर अस्पताल और अन्य दस्तावेजों की जांच की। इसमें लड़की की जन्मतिथि 30 दिसंबर 2009 पाई गई। जबकि 11 मार्च 2026 को केरल में हुए विवाह के समय उसे बालिग दिखाया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि नगर पालिका महेश्वर से एक फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी कर शादी का पंजीकरण कराया गया। यह शादी केरल के एक गांव में रजिस्टर की गई थी, जिसे अब निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
मामले में नया मोड़ तब आया, जब अधिवक्ता प्रथम दुबे ने आयोग के सामने PFI कनेक्शन और विदेशी फंडिंग की आशंका जताई। आरोप है कि यह शादी किसी बड़े नेटवर्क या एजेंडे का हिस्सा हो सकती है।
जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी और पीड़िता पिछले तीन महीनों से अलग-अलग VIP होटलों में ठहर रहे थे। आयोग इस मामले की जांच आदिवासी बच्चों की तस्करी के एंगल से भी कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए NCST ने मध्य प्रदेश और केरल के DGP को 22 अप्रैल 2026 को दिल्ली मुख्यालय तलब किया है। दोनों राज्यों की पुलिस को हर तीन दिन में जांच की प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि फरमान खान ने उनकी बेटी को फिल्म स्टार बनाने का झांसा दिया। उसे फिल्मों में रोल दिलाने और करोड़ों रुपए कमाने का सपना दिखाकर केरल ले जाया गया। वहीं बहला-फुसलाकर शादी कर ली गई।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने खुद इंदौर से केरल के लिए फ्लाइट टिकट बुक कराए थे। शूटिंग के दौरान ही दोनों के बीच संपर्क हुआ था।
फिलहाल महेश्वर पुलिस इस मामले में सक्रिय सिंडिकेट और फर्जी दस्तावेज बनाने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी है। साथ ही केरल पुलिस और स्थानीय राजनीतिक कनेक्शन की भी गहन जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan