भाजपा फिलहाल कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी नहीं करेगी

भजनलाल पर बयान को लेकर भाजपा में विवाद बढ़ गया है। फिलहाल पार्टी ने कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी करने का फैसला टाल दिया है।

भाजपा फिलहाल कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी नहीं करेगी

भाजपा फिलहाल कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी नहीं करेगी

मनोहर लाल खट्टर के हस्तक्षेप के बाद विवाद सुलझाने की कोशिश तेज

रेखा शर्मा के बयान पर पार्टी में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आई


 भाजपा में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी तूल पकड़ चुका है। हालांकि पार्टी फिलहाल इस मामले को शांत कराने की कोशिश में जुट गई है। भाजपा ने नेता कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी करने का फैसला टाल दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने साफ कहा है कि कुलदीप बिश्नोई इस समय विदेश में हैं। उनके लौटने के बाद पूरे मामले पर बातचीत की जाएगी और उसके बाद ही आगे की रणनीति तय होगी। माना जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के हस्तक्षेप के बाद पार्टी बैकफुट पर आई है।

दरअसल, 24 अप्रैल को पंचकूला में आयोजित भाजपा की एक जनसभा के दौरान राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल और चंद्रमोहन को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि पहले पंचकूला में “भजनलाल और चंद्रमोहन की बदमाशी” चलती थी और चुनाव बदमाशी से जीते जाते थे। इस बयान के बाद सियासी माहौल गरमा गया।

इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कुलदीप बिश्नोई ने अमेरिका से एक वीडियो जारी कर रेखा शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि रेखा शर्मा का बयान सिर्फ जुबान फिसलना नहीं बल्कि उनकी सोच को दर्शाता है। कुलदीप ने कहा कि कुछ लोगों को “औकात से ज्यादा” मिल जाता है, जिसे वे संभाल नहीं पाते।

कुलदीप बिश्नोई ने भाजपा नेतृत्व को भी चुनौती देते हुए कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने में उनका बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को प्रदेश में खड़ा करने में उनकी भूमिका अहम रही और अगर पार्टी में इसी तरह का घमंड रहा तो चौथी बार सरकार बनाना मुश्किल होगा।

उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चौधरी भजनलाल जैसे बड़े नेता के नाम के आगे सम्मान तक नहीं लगाया गया। कुलदीप ने कहा कि वह पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं, लेकिन अगर भजनलाल का अपमान हुआ तो वह चुप नहीं बैठेंगे।

इसी बीच पंचकूला से कांग्रेस विधायक और भजनलाल के बेटे चंद्रमोहन भी मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने रेखा शर्मा के खिलाफ कोर्ट में मानहानि और आपराधिक केस दायर किया है। चंद्रमोहन का कहना है कि कोई भी व्यक्ति उनके पिता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी नहीं कर सकता।

अब भाजपा की कोशिश इस विवाद को शांत कर संगठनात्मक नुकसान से बचने की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार डैमेज कंट्रोल में जुटे हुए हैं।