ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जाने से पहले हरियाणा के गूगल बॉय का आशीर्वाद अलंकरण समारोह, बॉलीवुड स्टार यशपाल शर्माने दिया आशीर्वाद
हरियाणा के करनाल का गूगल बॉय कौटिल्य पंडित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ फिजिक्स की पढ़ाई करेगा। एआई, डार्क मैटर व कॉस्मोलॉजी पर रिसर्च करेगा। आशीर्वाद समारोह में यशपाल शर्मा सहित कई नेता शामिल हुए।
➤ करनाल का गूगल बॉय कौटिल्य पंडित अब ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ फिजिक्स करेगा
➤ एआई फॉर ह्यूमिनिटी, डार्क मैटर, प्लाज्मा फिजिक्स व कॉस्मोलॉजी पर रिसर्च करेगा
➤ आशीर्वाद समारोह में बॉलीवुड एक्टर यशपाल शर्मा समेत कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए
करनाल का नाम विश्व स्तर पर रोशन कर चुका ‘गूगल बॉय’ कौटिल्य पंडित अब इंग्लैंड की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ फिजिक्स की पढ़ाई करने जा रहा है। वहां पर वह एआई फॉर ह्यूमिनिटी, डार्क मैटर, प्लाज्मा फिजिक्स और कॉस्मोलॉजी जैसे अत्याधुनिक विषयों पर रिसर्च करेगा। इस उपलब्धि को सेलिब्रेट करने के लिए घरौंडा में उनके आशीर्वाद अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बॉलीवुड एक्टर यशपाल शर्मा, हरियाणा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र राठौर, नवीन जयहिंद सहित कई राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक नेताओं और शिक्षाविदों ने भाग लिया।
बॉलीवुड एक्टर यशपाल शर्मा ने कहा कि कौटिल्य की उपलब्धि पर उन्हें बेहद गर्व है। उन्होंने बताया, "जब मुझे पता चला कि कौटिल्य ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने जा रहा है तो यह मेरे लिए बेहद खुशी का पल था। ऐसा लगा जैसे मेरा खुद का बच्चा इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में प्रवेश पा रहा हो।" उन्होंने कौटिल्य को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
इस समारोह में सूरत से आई इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर भाविका महेश्वरी ने कौटिल्य को उनके बचपन की यादगार तस्वीरों वाला विशेष चार्ट भेंट किया। इस चार्ट में देश के पूर्व राष्ट्रपति, अमिताभ बच्चन समेत अन्य गणमान्य हस्तियों के साथ कौटिल्य की तस्वीरें थीं, जो समारोह को और भी यादगार बना गया।
कौटिल्य के पिता सतीश शर्मा ने बताया कि उनका बेटा मात्र 17 साल की उम्र में ऑक्सफोर्ड से मास्टर ऑफ फिजिक्स की पढ़ाई शुरू करेगा। इसके लिए उसे बॉलियोल कॉलेज से ऑफर लेटर और 25 लाख रुपए की स्कॉलरशिप भी मिली है। कौटिल्य बीवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल मतलौडा से 12वीं पास कर चुका है। उसके दो बहनें भी अपनी-अपनी क्षेत्र में अध्ययनरत हैं – मृदुल एमएससी कर रही हैं जबकि दीक्षा स्कॉलरशिप पर विदेश में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही हैं।
कौटिल्य ने बचपन से ही असाधारण प्रतिभा दिखाई थी। मात्र 5 साल की उम्र में उसने दुनिया के मानचित्र की सारी जानकारी याद कर ली थी। इसी वजह से उसे ‘गूगल बॉय’ के नाम से जाना गया। साथ ही, वह लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की हॉट सीट पर भी बैठ चुका है।
कौटिल्य ने कहा कि ऑक्सफोर्ड में जाकर वह क्वांटम फिजिक्स, डार्क मैटर, पार्टिकल थ्योरी, प्लाज्मा फिजिक्स और एआई फॉर ह्यूमेनिटी पर गहराई से रिसर्च करेंगे। उनका उद्देश्य ऐसा काम करना है, जो विज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव लाए। उन्होंने यह भी कहा कि हर बच्चा किसी न किसी क्षेत्र में बेहतर कर सकता है, बस उसे सही प्रेरणा और मार्गदर्शन चाहिए।
समारोह में मौजूद अन्य प्रमुख हस्तियों ने भी कौटिल्य को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह देश का गौरव है।